होर्मुज में फंसे जहाजों को निकालेगा अमेरिका… ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम का किया ऐलान

होर्मुज में फंसे जहाजों को निकालेगा अमेरिका… ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम का किया ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षित निकालने की योजना बनाई है. यह अभियान सोमवार से शुरू होगा. ट्रंप ने इसे मानवीय कदम बताया, लेकिन चेतावनी दी कि किसी भी रुकावट पर अमेरिका कड़ा जवाब देगा.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम नाम की नई योजना शुरू करने का ऐलान किया है. इस योजना का मकसद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालना है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों के जहाज इस अहम समुद्री रास्ते में फंसे हुए हैं. ट्रंप ने कहा कि कई देशों ने अमेरिका से मदद मांगी है. ये देश सीधे युद्ध में शामिल नहीं हैं, लेकिन उनके जहाज इस इलाके में फंस गए हैं.

ट्रंप ने कहा कि ये जहाज और उन पर मौजूद लोग निर्दोष हैं और उन्हें सुरक्षित निकालना जरूरी है. इस योजना के तहत अमेरिका अपने जहाजों की मदद से इन फंसे हुए जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिखाएगा, ताकि वे बिना खतरे के बाहर निकल सकें और अपना काम जारी रख सकें. यह अभियान सोमवार सुबह (मिडिल ईस्ट समय के अनुसार) शुरू होगा.

इस योजना से क्या फायदा होगा?

ट्रंप ने इस कदम को मानवीय पहल बताया. उन्होंने कहा कि कई जहाजों पर खाने-पीने और जरूरी सामान की कमी होने लगी है, जिससे वहां मौजूद लोगों को परेशानी हो रही है. इसलिए उन्हें जल्दी सुरक्षित निकालना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना से सभी देशों को फायदा होगा, यहां तक कि ईरान को भी.

ट्रंप ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पूरी कोशिश करें ताकि सभी जहाज और उनके क्रू सुरक्षित बाहर निकल सकें. उन्होंने यह भी बताया कि कई जहाज तब तक वापस नहीं आएंगे, जब तक यह इलाका पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता. इस बीच, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत अच्छी चल रही है और आगे कोई बड़ा समझौता हो सकता है.

ईरान को चेतावनी दी

हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने इस ऑपरेशन में रुकावट डालने की कोशिश की, तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा. इससे साफ है कि यह मिशन काफी संवेदनशील और जोखिम भरा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल और गैस जाता है.

ईरान जंग की वजह से यहां रुकावट हुई है, जिससे पूरी दुनिया के व्यापार और तेल की कीमतों पर असर पड़ा है. इससे पहले ट्रंप ने ईरान के 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया था और उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया था.

यह भी पढ़ें: कैलाश मानसरोवर यात्रा पर नेपाल का ‘लिपुलेख राग’, MEA का करारा जवाब

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More