पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, पुलिस ने सड़क पर दौड़ा-दौड़कर पीटा
पटना में TRE-4 शिक्षक भर्ती के विज्ञापन में देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने बड़ा प्रदर्शन किया, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया. हजारों छात्र BPSC कार्यालय तक मार्च निकाल रहे थे, लेकिन बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के बाद स्थिति बिगड़ गई.
Patna TRE-4 Protest: पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा. हजारों की संख्या में उम्मीदवार पटना कॉलेज से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय तक मार्च निकाल रहे थे. जैसे ही प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर के पास पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान जब अभ्यर्थियों ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया. इस दौरान कई छात्रों को चोटें आई हैं.
अभ्यर्थियों का आरोप है कि वे लंबे समय से TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार उन्हें टाल रही है. कई छात्रों ने कहा कि वे जमीन गिरवी रखकर और कर्ज लेकर तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में देरी से उनका भविष्य अधर में लटक गया है. छात्रों ने सरकार से जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग दोहराई.
#WATCH | Patna, Bihar | Police resort to lathicharge to disperse the aspirants of the Teacher Recruitment Examination (TRE) 4.0 demanding the release of the examination notification for the Bihar Public Service Commission. pic.twitter.com/SqLDAX9kd5
— ANI (@ANI) May 8, 2026
‘उन्हें गुमराह किया जा रहा’
छात्रों का कहना है कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि BPSC के परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को कहा था कि TRE-4 का विज्ञापन तीन-चार दिनों में जारी कर दिया जाएगा और आवेदन प्रक्रिया 25-26 अप्रैल से शुरू हो जाएगी. लेकिन अब 8 मई तक भी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित
TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है. इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे बाद में शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया. संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है और परिणाम नवंबर में जारी होने की उम्मीद है.
इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी. कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होंगी. बीते दो वर्षों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए करीब 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है.



