Apple का नया सिक्योरिटी सिस्टम! बिना बॉक्स खोले पकड़ी जाएगी iPhone की चोरी

Apple का नया सिक्योरिटी सिस्टम! बिना बॉक्स खोले पकड़ी जाएगी iPhone की चोरी

Apple ने अपने स्टोर पर iPhone और दूसरे प्रोडक्ट्स की वापसी से जुड़े फ्रॉड को रोकने के लिए नई तकनीक पेश की है. कंपनी ने एक ऐसा डिवाइस तैयार किया है, जो पैकेजिंग के अंदर रखे iPhone को स्कैन कर सकता है.

Apple ने अपने रिटेल स्टोर पर चोरी और धोखाधड़ी रोकने के लिए एक नया स्कैनिंग सिस्टम शुरू किया है इसकी मदद से कंपनी बिना पैकेजिंग खोले ही लौटाए गए iPhone की चेक कर सकती है. यह सिस्टम फोन की स्थिति का पता लगाने और उसे चेक करने में मदद करेगा. इसका मकसद यह तय करना है कि लौटाए गए बॉक्स के अंदर iPhone और उसके सभी जरूरी पार्ट्स मौजूद हैं या नहीं.

दरअसल, Apple के कुछ रिटेल स्टोर पर धोखाधड़ी के मामले सामने आए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोग iPhone या दूसरे Apple प्रोडक्ट खरीदने के बाद उनके अंदर के जरूरी पार्ट्स या एक्सेसरीज निकाल लेते थे. कुछ मामलों में पूरा डिवाइस ही निकाल लिया जाता था. इसके बाद बॉक्स को दोबारा सील करके स्टोर पर लौटा दिया जाता था. बाहर से देखने पर बॉक्स बिल्कुल नया लगता था, लेकिन उसके अंदर फोन या उसके जरूरी पार्ट्स गायब होते थे.

बॉक्स खुलने के बाद नहीं बिकते थे फोन

बताया गया है कि कुछ मामलों में यह धोखाधड़ी बड़े स्तर पर की गई. निकाले गए पार्ट्स को बाजारों में बेच दिया जाता था. इस समस्या से निपटने के लिए Apple ने पहले लौटाए गए सभी बॉक्स खोलकर चेक करने का निर्देश दिया था. हालांकि, इस तरीके से फ्रॉड पकड़ने में मदद मिलती थी, लेकिन इससे एक दूसरी परेशानी भी पैदा हो रही थी. बॉक्स खुलने के बाद कई ऐसे प्रोडक्ट भी बिक्री के काबिल नहीं रह जाते थे. यानी इन्हें दोबारा नहीं बेचा जा सकता था. ऐसे प्रोडक्ट्स को आगे की प्रोसेस के लिए गोदाम भेजना पड़ता था. इससे कंपनी का समय और संसाधन खर्च होते थे.

बिना बॉक्स खोले ही पकड़ आएगी चोरी

अब नए स्कैनिंग डिवाइस से इस समस्या को कम करने की कोशिश की जा रही है. यह डिवाइस बॉक्स के अंदर मौजूद iPhone की जांच करेगा और डायग्नोस्टिक टेस्ट चलाएगा. इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि फोन सही स्थिति में है या उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है. अगर जांच में सब कुछ सही मिलता है, तो बॉक्स को खोले बिना ही उसे दोबारा बिक्री के लिए रखा जा सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, इस नए स्कैनर में Apple की Presto तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी इसी तकनीक का उपयोग नए iPhone की पैकेजिंग खोले बिना उसके सॉफ्टवेयर को अपडेट करने के लिए करती है.

रिपोर्ट के मुताबिक, नए एंटी-थेफ्ट स्कैनर इस महीने की शुरुआत से Apple के रिटेल स्टोर पर पहुंचने लगे थे और अब इन्हें चालू किया जा रहा है. इससे कंपनी को चोरी और धोखाधड़ी से होने वाले नुकसान को कम करने के साथ-साथ बिक्री के योग्य प्रोडक्ट्स को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है.

ये भी पढ़ें- सिर्फ आईफोन बनाने तक सीमित नहीं रहा Apple, अब भारत में इस काम से कमाए 650 करोड़ रुपये!

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More