IRCTC Tatkal Ticket: दिवाली-छठ पर भी मिल सकता है कन्फर्म ट्रेन टिकट, तत्काल बुकिंग से पहले कर लें ये छोटी-सी तैयारी
दिवाली और छठ पर घर जाने वालों की भीड़ के कारण ट्रेनों में कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है. ऐसे में यात्री यात्रा से एक दिन पहले रेलवे के तत्काल कोटे से सही तैयारी के साथ टिकट बुक कर सकते हैं.
Tatkal Ticket Booking: त्योहारों का सीजन आते ही ट्रेनों में घर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. खासतौर पर दिवाली या छठ जैसे बड़े त्योहारों पर हर कोई अपने परिवार के पास पहुंचना चाहता है. इस भारी भीड़ की वजह से ट्रेनों में कन्फर्म सीट पाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता. आलम ये होता है कि कई लोग महीनों पहले अपनी टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कन्फर्म बर्थ नहीं मिल पाती. अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो भारतीय रेलवे का तत्काल टिकट कोटा आपके लिए एक बड़ा सहारा बन सकता है. रेलवे इस कोटे के तहत यात्रा से ठीक एक दिन पहले कुछ सीमित सीटें उपलब्ध कराता है. अगर आप सही समय पर बुकिंग करें, साथ ही थोड़ी सी तैयारी पहले से रखें, तो कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है.
किस समय खुलती है तत्काल टिकट की विंडो
तत्काल टिकट बुक करने के लिए सबसे जरूरी चीज सही समय की जानकारी होना है. रेलवे के नियमों के मुताबिक, तत्काल टिकट की बुकिंग ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से चलने की तारीख से ठीक एक दिन पहले खुलती है. इसमें अलग-अलग क्लास के लिए समय भी अलग तय किया गया है. अगर आप एसी (AC) क्लास में सफर करना चाहते हैं, तो इसके लिए बुकिंग सुबह 10 बजे से शुरू होती है. वहीं, स्लीपर या अन्य नॉन-एसी क्लास के लिए टिकट बुकिंग की विंडो सुबह 11 बजे खुलती है. इसे एक आसान उदाहरण से समझें, तो मान लीजिए कि आपकी ट्रेन 28 अक्टूबर को अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली है. ऐसी स्थिति में आपको उस ट्रेन का तत्काल टिकट लेने के लिए एक दिन पहले यानी 27 अक्टूबर की सुबह बुकिंग करनी होगी.
आईआरसीटीसी से टिकट बुक करने की सही तैयारी
त्योहारी सीजन में तत्काल कोटे की सीटें कुछ ही मिनटों में खत्म हो जाती हैं. ऐसे में बुकिंग शुरू होने के बाद समय बचाने के लिए कुछ तैयारियां पहले से करना बेहद जरूरी है. सबसे पहले अपना आईआरसीटीसी (IRCTC) अकाउंट पूरी तरह तैयार रखें. बुकिंग के वक्त नया अकाउंट बनाने या भूला हुआ पासवर्ड ढूंढने में आपका कीमती समय बर्बाद हो सकता है. इसके अलावा, तत्काल टिकट बुक करने के लिए आपके अकाउंट का आधार से वेरिफाइड होना भी जरूरी है. ये वेरिफिकेशन का काम पहले ही निपटा लें. आपको किस तारीख को यात्रा करनी है, किस स्टेशन से कहां तक जाना है, साथ ही किस ट्रेन में बैठना है, ये सारी बातें पहले से तय रखें.
बुकिंग के समय बिल्कुल न करें ये देरी
जब आपकी पूरी तैयारी हो जाए, तो तय समय से कुछ मिनट पहले ही सिस्टम पर बैठ जाएं. एसी टिकट के लिए सुबह 10 बजे से पहले, जबकि स्लीपर टिकट के लिए 11 बजे से पहले अपने आईआरसीटीसी अकाउंट में लॉगिन कर लें. जैसे ही बुकिंग शुरू हो, तुरंत अपनी तय की गई ट्रेन के साथ क्लास का चुनाव करें. इसके बाद वहां तत्काल कोटा सेलेक्ट करें. फिर बिना समय गंवाए यात्रियों की सही जानकारी भरें. इस पूरी प्रक्रिया में सबसे अहम हिस्सा पेमेंट का होता है. पेमेंट करने में जरा सी भी देर न करें, वरना आपकी सारी मेहनत पर पानी फिर सकता है. एक बार जब आपका टिकट सफलतापूर्वक बुक हो जाए, तो अपना पीएनआर (PNR) नंबर जरूर चेक कर लें.
रिफंड के नियम भी समझ लें
तत्काल टिकट बुक करते वक्त कुछ खास नियमों का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है. रेलवे के नियम के अनुसार, तत्काल कोटे में एक पीएनआर पर अधिकतम चार यात्रियों की ही टिकट बुक की जा सकती है. इसके अलावा, इसमें सामान्य किराये के साथ-साथ तत्काल चार्ज भी अलग से देना पड़ता है. इसलिए ऑनलाइन पेमेंट करते समय अपने अकाउंट में पर्याप्त पैसे तैयार रखें. एक सबसे जरूरी बात ये है कि अगर आपका तत्काल टिकट कन्फर्म हो जाता है, तो उसे कैंसिल कराने पर आमतौर पर कोई रिफंड नहीं मिलता है. इसलिए पेमेंट करने से पहले अपनी यात्रा की तारीख के अलावा सभी यात्रियों की जानकारी को अच्छी तरह से जांच लें, ताकि बाद में किसी तरह का नुकसान न उठाना पड़े.




