समस्तीपुर में नशा मुक्ति केंद्र के मैनेजर की हत्या, मरीज ने लोहे की रॉड से किया हमला; सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

समस्तीपुर में नशा मुक्ति केंद्र के मैनेजर की हत्या, मरीज ने लोहे की रॉड से किया हमला; सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

समस्तीपुर में नशा मुक्ति केंद्र के एक मरीज ने लोहे की रॉड से हमला कर मैनेजर की हत्या कर दी. राहुल (27) को गंभीर हालत में पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीज ने लोहे की रॉड से हमला कर केंद्र के मैनेजर की हत्या कर दी. आरोपी ने मैनेजर पर इतनी बेरहमी से हमला किया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पूरी वारदात केंद्र में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा.

कमरे में आराम कर रहे थे मैनेजर

घटना मथुरापुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा टोला स्थित मुस्कान नशा मुक्ति सह पुनर्वास केंद्र में हुई. मृतक की पहचान राहुल कुमार (27) के रूप में हुई. वह मुजफ्फरपुर जिले के पक्की सराय के रहने वाले राम जन्म दूबे के बेटे थे और केंद्र में मैनेजर के पद पर काम कर रहे थे. घटना के समय राहुल अपने कमरे में आराम कर रहे थे. इसी दौरान केंद्र में भर्ती एक मरीज हिमांशु कुमार वहां पहुंचा और जिम में इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

ये भी पढ़ें- भोजपुर में वर्चस्व की जंग! हवलदार के बेटे को दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली, दोस्त पर भी फायरिंग; हालत गंभीर

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

इस घटना का पूरा मामला केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो में आरोपी द्वारा लोहे की रॉड से हमला किए जाने की घटना कैद होने की बात सामने आई है. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बताया जा रहा कि आरोपी ने करीब 30 सेकंड के भीतर कई बार मैनेजर पर वार किए. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

गार्ड से विवाद के बाद तनाव में था आरोपी

घटना की जानकारी मिलते ही मथुरापुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की. आरोपी की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी हिमांशु कुमार के रूप में हुई है. वह अनिल पोद्दार का बेटा बताया गया है.

समस्तीपुर के सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार था और उसका नशा मुक्ति केंद्र में इलाज चल रहा था. केंद्र के सुरक्षा गार्ड से किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था, जिसके बाद वह तनाव में था. इसी दौरान मैनेजर से विवाद होने पर उसने लोहे की रॉड से हमला कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.

मृतक की मां ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद मृतक राहुल के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. राहुल की मां ने नशा मुक्ति केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि आखिर केंद्र के अंदर लोहे की रॉड लेकर आरोपी कैसे पहुंच गया? वहां मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम थे? उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. केंद्र के कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा. इस घटना ने नशा मुक्ति केंद्रों में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

ज्योति कुमार सिंह
ज्योति कुमार सिंह

बिहार के समस्तीपुर से वर्ष 2000 में पत्रकारिता जगत में सक्रिय होने वाले ज्योति कुमार सिंह कई दैनिक अखबारों में काम कर चुके हैं. इसमें राजनीतिक, सामाजिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने का अवसर प्राप्त हुआ. समस्तीपुर जिले में कई महत्वपूर्ण आंदोलनों के दौरान अन्य रिपोर्टरों से अलग खबर ढूंढना और उसे जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रही है. शुरुआती दौर में मैंने दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, दैनिक हिंदुस्तान, दैनिक प्रभात खबर, अर्ली मॉर्निंग, मिथिला आवाज, हमार टीवी, मौर्य टीवी, ETV, राज्यसभा टीवी के साथ काम किया. इसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े और समस्तीपुर से रिपोर्टर हैं.

Read More