Home Remedies for Cracker Burns: क्या टूथपेस्ट लगाना सही…पटाखे से स्किन जल जाए तो तुरंत क्या करें, डॉक्टर ने बताया

Home Remedies for Cracker Burns: क्या टूथपेस्ट लगाना सही…पटाखे से स्किन जल जाए तो तुरंत क्या करें, डॉक्टर ने बताया

पटाखे से स्किन जल जाए तो क्या टूथपेस्ट लगाना चाहिए? क्या चोट को ठंडे पानी के नीचे रखना सही है? दिवाली पर गलती से स्किन जल जाए तो क्या करना चाहिए और क्या नहीं... डॉक्टर से जानें...

Home Remedies for Cracker Burns: दिवाली के जश्न की बात ही अलग है. मीठा, नए कपड़े, विशेष पूजा-पाठ के अलावा लोग इस त्योहार को पटाखे जलाकर या फोड़कर भी सेलिब्रेट करते हैं. लेकिन इस दौरान कई बार स्किन के जल जाने की दिक्कत भी हो जाती है. ज्यादातर भारतीय जलने पर ठंडा पानी डालते हैं या फिर जले पर टूथपेस्ट लगाते हैं. लेकिन बहुत कम जानते हैं कि स्किन जल जाए तो तुरंत क्या करना चाहिए और क्या नहीं.

भारत में और भी कई ऐसे घरेलू तरीके अपनाए जाते हैं जिनकी वजह से जली हुई स्किन पर जलन और ज्यादा बढ़ जाती है. इस आर्टिकल में हम आपको एक्सपर्ट के जरिए बताते हैं स्किन के बर्न होने पर क्या-क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए?

पटाखा से जली स्किन के लिए क्या करें?

डॉक्टर दीक्षा कटियार (फाउंडर एंड मैनेजिंग डायरेक्टर, वी क्लीनिक होम्योपैथी) का कहना है कि दिवाली के दौरान पटाखों, दीयों या गर्म तेल से त्वचा जलने पर सबसे जरूरी है कि तुरंत सही प्राथमिक उपचार किया जाए. सबसे पहले व्यक्ति को आग या गर्मी वाली चीजों से दूर करें. जले हुए हिस्से को लगभग 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें.

इन बातों का भी रखें ध्यान

इससे त्वचा की गर्मी कम करने, दर्द से राहत देने और चोट को ज्यादा गंभीर होने से रोकने में मदद मिलती है. इसके बाद जले हुए हिस्से को साफ, ढीले और न चिपकने वाले कपड़े से ढक सकते हैं. अगर अंगूठी, घड़ी या कोई गहना पहना है, तो सूजन आने से पहले उसे हटा दें. हालांकि, त्वचा से चिपके कपड़े को खींचकर न निकालें.

क्या टूथपेस्ट लगाना सही है?

एक्सपर्ट कहती हैं कि जले हुए हिस्से पर बर्फ, घी, तेल, टूथपेस्ट या घरेलू लेप बिल्कुल न लगाएं. फफोले पड़ने पर उन्हें फोड़ना भी नहीं चाहिए. अगर जलन गहरी या बड़े हिस्से में है, चेहरा, हाथ या पैर प्रभावित हैं, या सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो तुरंत अस्पताल जाएं. बच्चों के जलने पर भी डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.

पटाखे जलाते वक्त इन चीजों का रखें खास ध्यान

पटाखा जला रहे हैं तो बच्चों को ऐसे कपड़े पहनाने से बचें जिनमें आग जल्दी पकड़ती है. चमक और अट्रैक्टिव दिखने के लिए पेरेंट्स खुद और बच्चों को सिल्क समेत ऐसे फैब्रिक के कपड़े पहनाते हैं जिनमें आग जल्दी लग जाने का खतरा रहता है.

पटाखा जलाते वक्त अपने आसपास कम से कम पानी से भरी हुई दो बाल्टी रखें. बड़ा हादसा होने से बचाने के लिए इस चीज का ध्यान रखना सबसे जरूरी है.

बच्चे अगर पटाखे जला रहे हैं तो हमेशा बड़ों की देखरेख में ही ऐसा करें.

लड़कियां या महिलाएं इस बात का खास ध्यान रखें कि जब वो दीया या मोमबत्ती जलाए तो अपने बालों को उस दौरान बांध लें. इस समय कपड़ों का भी ध्यान रखें.

मनीष रायसवाल
मनीष रायसवाल

मनीष रायसवाल वर्तमान में टीवी9 डिजिटल में लाइफस्टाइल बीट पर बतौर टीम लीड काम कर रहे हैं. मनीष के करियर की शुरुआत साल 2015 से इंडिया न्यूज के डिजिटल प्लेटफार्म Inkhabar के साथ बतौर सब एडिटर हुई थी. अलग-अलग पड़ावों को पार करते हुए इन्होंने इंडिया न्यूज, अमर उजाला और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. 2009 से 2012 के बीच जामिया मिलिया इस्लामिया से बीए ऑनर्स मास मीडिया में ग्रेजुएशन और 2012-13 के बीच देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (दिल्ली) से डिप्लोमा करने के बाद मनीष पत्रकारिता से जुड़े हैं. मनीष लाइफस्टाइल के अलावा, हेल्थ, सोशल, वुमेन और बाल विकास और ट्रैवलिंग जैसे विषयों पर लिखना पसंद करते हैं. लाइफस्टाइल से जुड़े ज्यादातर टॉपिक्स पर इन्हें नई चीजें सीखने का शौक है.

Read More