हथियारबंद बदमाशों ने घेरा घर, पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली; अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप

हथियारबंद बदमाशों ने घेरा घर, पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली; अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप

अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु के अकाल गढ़ ढपइयां गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में हिंसक झड़प हुई. 100-150 हथियारबंद लोगों ने एक घर पर हमला कर अंधाधुंध फायरिंग की.

Amritsar News: पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव अकाल गढ़ ढपइयां (मेहता रोड) में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. आरोप है कि 100 से 150 हथियारबंद लोगों ने एक घर को चारों तरफ से घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों के पास पिस्तौल, 12 बोर की बंदूकें और तेजधार हथियार थे. इस हमले में संदीप सिंह नामक युवक की टांग में गोली लग गई, जबकि दातर और किरपान से भी कई लोगों पर वार किए गए. घटना में 6 से 7 लोगों के घायल होने का दावा किया जा रहा है.

घटना दोपहर करीब 1बजकर 30 मिनट से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है. गोली लगने और तेजधार हथियारों से घायल संदीप सिंह को तत्काल गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. आरोप है कि हमलावरों के पास 18 से 20 पिस्तौल, 12 बोर की बंदूकें, दातर और किरपानें थीं. घर को चारों तरफ से घेरने के बाद फायरिंग शुरू कर दी गई.

पुरानी रंजिश में हमला

पीड़ित परिवार के सदस्य विशाल सिंह ने बताया कि गांव में उनके परिवार की करीब 50 से 70 किल्ले जमीन ठेके पर लेकर खेती की जाती है. कुछ समय से दूसरे पक्ष के साथ किसी बात को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी. विशाल सिंह का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष ने बड़ी संख्या में युवकों को इकट्ठा कर उनके घर पर हमला किया. पीड़ित पक्ष के मुताबिक, मनिंदर, गुरमुख, तरनतारन के कुकी और आकाश समेत 100 से 150 लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे थे.

परिवार का दावा है कि 30 बोर की पिस्तौल से चलाई गई गोली संदीप सिंह की टांग में लगी. इसके अलावा 12 बोर की बंदूक से छर्रे चलाए गए और तेजधार हथियारों से भी हमला किया गया. अचानक हुए हमले के कारण गांव में अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई. पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह अपनी टीम और गांव के पंचायत सदस्यों के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल संदीप सिंह की स्थिति की जानकारी ली. हरपाल सिंह ने बताया कि थाना जंडियाला के अंतर्गत गांव अकाल गढ़ ढपइयां में दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ है. घटना के दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें संदीप सिंह की टांग में गोली लगी है. उसके शरीर पर तेजधार हथियार से चोट के निशान भी मिले हैं.

सबूत जुटाने में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. मौके से गोली के खोल मिलने, फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों और चली गोलियों की संख्या सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. हरपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इनपुट- ललित

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More