UP: अलीगढ़ में कल्याण सिंह के घर डबल सेलिब्रेशन, पोतों की सगाई में शामिल होंगे 80 हजार मेहमान, 1000 लोग तैयार करेंगे खाना
अलीगढ़ के तालानगरी में दोनों भाइयों का सगाई समारोह का आयोजन किया जाएगा. समारोह के लिए महलनुमा पंडाल तैयार किया गया है और इसके लिए चार मंचों पर भव्य व्यवस्था की गई है.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के परिवार में डबल सेलिब्रेशन की तैयारी जोरों पर चल रही है. रसूखदार राजनीतिक परिवार में शनिवार (14 नवंबर) को एक साथ 2-2 सगाई होनी है. प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह की मेघना चौधरी के साथ तो उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की अंतरा त्यागी के साथ सगाई होने जा रही है. घर में डबल सगाई के लिए परिवार भव्य तैयारी में जुटा है और समारोह में 80 हजार मेहमानों की दावत का इंतजाम किया गया है.
अलीगढ़ के तालानगरी के सौबी मैदान में दोनों भाइयों का सगाई समारोह का आयोजन किया जाएगा. समारोह के लिए महलनुमा पंडाल तैयार किया गया है और इसके लिए चार मंचों पर भव्य व्यवस्था की गई है. ऐसे में अलीगढ़ में शनिवार को सियासी और सामाजिक दिग्गजों का जमावड़ा लगने वाला है.
संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी से हो रही है. दोनों की मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी. मेघना का परिवार गाजियाबाद में रहता है और उनकी पारिवारिक जड़ें अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव से जुड़ी हैं. जबकि, सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा त्यागी से होगी. अंतरा के माता-पिता देवेश त्यागी और अनुराधा हैं.
50 से 60 तरह के पकवान की तैयारी
कल्याण सिंह के पोतों की सगाई के लिए शाही तौर पर तैयारी चल रही है और करीब 100 बीघा क्षेत्र में पंडाल को बेहद भव्य तरीके से सजाया जा रहा है. मेहमानों के लिए 50 से 60 तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे. उनके भोजन की व्यवस्था में करीब 1000 कर्मचारी लगाए जाने की संभावना है.
अलीगढ़ में इस हाई प्रोफाइल सगाई कार्यक्रम में कई दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की बात कही जा रही है. बड़ी संख्या में आने वाले गणमान्य लोगों की पार्किंग को लेकर खास इंतजाम किए जा रहे हैं. यहां पर पार्किंग के लिए 657 कारों की व्यवस्था की गई है. साथ ही वीआईपी और सामान्य मेहमानों के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं.
सगाई में शामिल हो सकते हैं CM योगी
कल्याण सिंह के परिवार में हो रहे इस सगाई कार्यक्रम के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ दोनों डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गजों को न्योता दिया गया है.
गणमान्यों की भारी उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी की जा रही है. तीन स्थानों पर हेलिपैड भी तैयार किए जा रहे हैं.
26 नवंबर को दिल्ली में होगी भव्य शादी
अलीगढ़ के अतरौली के गांव-गांव में निमंत्रण पहुंच रहा है. मेहमानों को लाने के लिए बसों की भी व्यवस्था की जा रही है. कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह (राजू भैया) लगातार तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं. बताया जा रहा है कि अतरौली से 250 से अधिक गांवों को सगाई कार्यक्रम में आने का न्योता दिया गया है. अलीगढ़ में होने वाली भव्य सगाई समारोह को लेकर लोगों में खासा उत्साह है.
14 नवंबर को सगाई होने के बाद इसी महीने 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल में शादी और 27 नवंबर को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन का आयोजन रखा गया है. दिल्ली में होने वाली शादी के शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता दिया गया है. राजवीर सिंह ने दिल्ली में पीएम मोदी को शादी का न्योता दिया था. जबकि सगाई समारोह में मुख्यमंत्री योगी के साथ प्रदेश सरकार के 25 से अधिक मंत्री और 100 से अधिक विधायक शामिल हो सकते हैं.




