Rajpal Yadav On Daler Mehndi: दलेर पाजी शराब नहीं पीते…सुबोध उनियाल पर भड़के राजपाल यादव, बोले- मंत्री जी आपको ये शोभा नहीं देता
शराब पीकर स्टेज पर गाने के आरापों के बाद दलेर मेहंदी के समर्थन में कई सितारे उतरे. मीका सिंह, कपिल शर्मा, बादशाह और अनुपम खेर के बाद अब राजपाल यादव समर्थन में उतर आए हैं.
Rajpal Yadav On Daler Mehndi: दिग्गज सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों विवादों में हैं. उनका एक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ, जिसमें उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल उन्हें स्टेज पर खरी खोटी सुनाते नज़र आए. उन्होंने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब पीकर स्टेज पर आए और वो गाना नहीं गा पा रहे थे. वीडियो में जिस तरह से कैबिनेट मंत्री ने दलेर मेहंदी से बातें की, उसको लेकर अब बवाल मच गया है. पहले दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने दावा किया कि दलेर मेहंदी कभी शराब पीते ही नहीं और वो बीमार हैं. इसी बात को कपिल शर्मा ने भी उठाया. बुधवार को अनुपम खेर भी समर्थन में उतरे और अब अभिनेता राजपाल यादव ने भी रिएक्ट किया है.
मंत्री के रवैये की आलोचना करते हुए राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में वो कहते हैं, “कला का विद्यार्थी होने के नाते आप लोगों से एक बात शेयर करना चाहता हूं. जिस तरीके से एक सम्मानित मंत्री हजारों लोगों के सामने एक ऐसे लेजेंड सिंगर, जिसकी दशकों से आवाज ने सबकी देश-दुनिया में सेवा की है. ऐसे अशोभनीय, निंदनीय शब्दों से जो व्यवहार कर रहे थे और मारपीटाई के उदाहरण दे रहे थे. माननीय मंत्री जी आपको ये शोभा नहीं देता.”
View this post on Instagram
“पद आते हैं जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है”
राजपाल आगे कहते हैं, “ऐसा लगा कि जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो. कला कभी खरीदी नहीं जा सकती. कला एक जीवन है. जीवन का सम्मान करिए. और आपकी जानकारी के लिए बता दूं दलेर पाजी शराब नहीं पीते. मैंने भी उनके साथ वेलकम टू द जंगल में काम किया है. उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है और जिसको सब लोगों के द्वारा प्रयास चल रहा है कि जल्दी से जल्दी वो अच्छे हों. पद आते हैं जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है. और कला का कद हजारों वर्षों से है. कला के कद का सम्मान कीजिए. गॉड ब्लेस यू.”
View this post on Instagram
क्या है पूरा मामला?
उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर के मशहूर कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था. जब दलेर मेहंदी स्टेज पर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे तभी मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें स्टेज पर जाकर टोकना शुरू किया. उन्होंने कहा, “आप शराब पीकर यहां गाना गा रहे हैं.” उन्होंने ये भी कहा कि इतना पैसा देकर हमने आपको बुलाया कि हमारे लोग एंटरटेन हों, लेकिन आप तो बेवकूफ बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन में शराब पीकर परफॉर्म करना बिल्कुल भी ठीक नहीं है.




