रोहित-विराट या गिल… SENA देशों में कौन बना रहा रन? ऐसा है भारत का बैटिंग रिपोर्ट कार्ड

रोहित-विराट या गिल… SENA देशों में कौन बना रहा रन? ऐसा है भारत का बैटिंग रिपोर्ट कार्ड

भारतीय बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड में संघर्ष करना पड़ा है और 2 जीत के बावजूद चौथे मैच में बैटिंग की सच्चाई सामने आई है, जहां टीम इंडिया सिर्फ 89 रन पर ढेर हो गई.

न्यूजीलैंड के माउंट माउनगानुई में भारतीय बल्लेबाजी की धज्जियां उड़ गईं. वनडे सीरीज के चौथे मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरसते नजर आए. हालत इतनी बुरी रही कि पहले ओवर में ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर पवेलियन लौट गए थे, वो भी बिना कोई रन बनाए. इसने टीम इंडिया की बैटिंग ताकत पर सवाल खड़े कर दिए कि क्या ये बल्लेबाज सिर्फ भारतीय परिस्थितियों में रन बना सकते हैं? क्या विदेशों में इन पर भरोसा नहीं किया जा सकता?

इस सवाल का जवाब हालिया प्रदर्शन से मिल सकता है. न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे पर तो भारतीय बैटिंग अभी तक अपना दम नहीं दिखा सकी है. बारिश से प्रभावित 2 मैच में टीम इंडिया को जीत मिली लेकिन उसमें भी छोटे स्कोर को चेज करते हुए संघर्ष करना पड़ा था. फिर बे ओवल के मैदान पर अच्छी परिस्थितियों में बैटिंग की पोल खुल गई और टीम सिर्फ 89 रन पर ढेर हो गई.

SENA देशों में रोहित बेस्ट

हालिया प्रदर्शन तो यही बताता है कि कोई भी भारतीय बल्लेबाज विदेशों में, खास तौर पर SENA देश (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में भारत के बल्लेबाजों पर भरोसा नहीं किया जा सकता. मगर आंकड़े बताते हैं कि एक बल्लेबाज है, जिसने इन हालातों में भी सफलता हासिल की है और वो हैं पूर्व कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा. जी हां, वही रोहित शर्मा, जिन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और संन्यास की मांग तक हो रही है.

वर्ल्ड कप 2023 के बाद के आंकड़े बताते हैं कि इन देशों में वनडे क्रिकेट में रोहित सबसे सफल साबित हुए हैं. पिछले 3 साल में रोहित ने इन देशों में 10 वनडे मैच की 9 पारियों में सबसे ज्यादा 400 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 50 का है और 2 शतक-एक अर्धशतक भी वो जमा चुके हैं. रोहित के ये शतक ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में आए. हालांकि न्यूजीलैंड सीरीज में वो 2 बार 0 पर आउट हो चुके हैं.

विराट-गिल-अय्यर का कैसा हाल?

वहीं अक्सर अच्छी फॉर्म में नजर आने वाले विराट कोहली यहां कुछ खास नहीं कर सके हैं. उन्होंने 9 पारियों में 299 रन (औसत-37) बनाए हैं और 4 अर्धशतक लगाए हैं. कप्तान शुभमन गिल (8 पारी, 268 रन, 38 औसत) और श्रेयस अय्यर (9 पारी, 270 रन, 30 औसत) का हाल भी बहुत अच्छा नहीं है. यानि साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वर्ल्ड कप को देखते हुए फिलहाल रोहित ही टीम के बेस्ट बल्लेबाज नजर आते हैं. मगर दूसरे बल्लेबाजों का भी रंग में लौटना जरूरी है, तभी कुछ बात बन पाएगी.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More