रोहित शर्मा-विराट कोहली के पास आखिरी मौका, न्यूजीलैंड में खत्म कर पाएंगे लंबा इंतजार?

रोहित शर्मा-विराट कोहली के पास आखिरी मौका, न्यूजीलैंड में खत्म कर पाएंगे लंबा इंतजार?

रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए ये सीरीज खास अच्छी नहीं रही है और चौथे वनडे में तो दोनों ही पहले ओवर में खाता खोलने में नाकाम रहे थे. दोनों के लिए न्यूजीलैंड में शतक जमाने का आखिरी मौका है.

न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया के लिए 13 नवंबर का दिन बेहद खराब साबित हुआ. वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त के साथ इस मैच के लिए उतरी पूरी भारतीय टीम सिर्फ 89 रन रन पर ढेर हो गई. इस तरह चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने 244 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इस वनडे सीरीज में अब सिर्फ एक मैच बचा है, जिसमें भारत के साथ सीरीज जीतने का आखिरी मौका है. इसके साथ ही ये रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सितारों के लिए शतक लगाने का भी अंतिम अवसर है.

माउंट माउनगानुई में खेले गए सीरीज के चौथे मैच में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही. इसकी शुरुआत पहले ओवर में ही हो गई थी, जब रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार बल्लेबाज खाता खोले बिना पहले ओवर में ही आउट हो गए. रोहित इस सीरीज में दूसरी बार 0 पर आउट हुए. वहीं पहले मैच में अर्धशतक लगाने के बाद अगले दो मैच में कोहली भी नाकाम रहे हैं.

रोहित नहीं लगा सके कोई शतक

अब ये सीरीज अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है और रविवार 15 नवंबर को इसी वेन्यू पर सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच खेला जाएगा. ये मैच रोहित और विराट के लिए भी न्यूजीलैंड की जमीन पर आखिरी मैच होगा और इस तरह दोनों के लिए यहां अपनी छाप छोड़ने का आखिरी मौका है.

खास तौर पर रोहित शर्मा के लिए पांचवां वनडे मैच बहुत अहम होगा क्योंकि न्यूजीलैंड की जमीन पर रोहित ने आज तक एक भी शतक नहीं लगाया है. रोहित ने न्यूजीलैंड में 18 वनडे मैच खेले हैं और 460 रन ही बनाए हैं. इनमें वो सिर्फ 4 अर्धशतक ही लगा सके हैं, जिसमें सबसे बड़ी पारी 87 रन की है. ऐसे में अगर वो इस बार भी नाकाम रहे तो न्यूजीलैंड से खाली हाथ ही लौटेंगे.

कोहली भी कर रहे 12 साल से इंतजार

दूसरी ओर विराट कोहली हैं, जो वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 55 शतक लगा चुके हैं लेकिन न्यूजीलैंड में उन्हें भी लंबे समय से शतक का इंतजार है. कोहली ने एक ODI शतक जरूर लगाया है, जो यहां उनके पहले ही मैच में आया था. ये सेंचुरी 12 साल पहले 2014 में आई थी, जब उन्होंने 123 रन की पारी खेली थी. कुल मिलाकर वो न्यूजीलैंड में 17 मैच में 45 की औसत से 677 रन बना सके हैं, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More