Ramayana: रणबीर कपूर से पहले ऋतिक रोशन बनने वाले थे राम, फिर क्यों नहीं बनी फिल्म?
Hrithik Roshan: रणबीर कपूर की 'रामायण' इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इससे सालों पहले भी बड़े पर्दे पर 'रामायण' बनाने की तैयारी हुई थी, जिसमें ऋतिक रोशन राम बनने वाले थे
Hrithik Roshan The Legend of Ram: नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है. इसके ट्रेलर को देखने के बाद तो लोगों की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इससे पहले भी बॉलीवुड में ‘रामायण’ की लाइव-एक्शन फिल्म बनने वाली थी, जिसमें ऋतिक रोशन भगवान राम का किरदार निभाने वाले थे. 15 साल से भी ज्यादा पहले संजय खान ने अपनी फिल्म ‘The Legend of Ram’ का ऐलान किया था, जिसमें उनके एक्स दामाद ऋतिक रोशन को राम के रोल के लिए चुना गया था.
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ इन दिनों खूब चर्चा में है. लेकिन इससे इससे सालों पहले भी बड़े पर्दे पर ‘रामायण’ बनाने की तैयारी हुई थी. इस प्रोजेक्ट के लिए बॉलीवुड के दो बड़े सुपरस्टार्स ऋतिक रोशन और अमिताभ बच्चन को चुना गया था, लेकिन तमाम तैयारियों के बावजूद ये फिल्म कभी दर्शकों तक नहीं पहुंच सकी. आखिर ये फिल्म क्यों बंद हो गई? आइए जानते हैं.
ऋतिक रोशन की ‘रामायण’ का क्या हुआ?
आज से लगभग 15 साल पहले ऋतिक रोशन की ‘रामायण’ करीब 50 करोड़ रुपये के बजट में बनाई जा रही थी. इसका नाम रखा गया था ‘द लीजेंड ऑफ राम’. इसमें ऋतिक रोशन भगनान राम का रोल प्ले करने वाले थे. ऋतिक रोशन के अलावा इस फिल्म में जायद खान लक्ष्मण और अमिताभ बच्चन राजा दशरथ के किरदार में नजर आने वाले थे. साल 2008 में दिए एक इंटरव्यू में जायद खान ने कहा था, “हां, मेरे पिता वाकई ‘रामायण’ बना रहे हैं. इसका नाम ‘द लीजेंड ऑफ रामा’ है. वो पिछले तीन साल से इस फिल्म की प्लानिंग कर रहे हैं और भगवान राम के किरदार के लिए एकदम सही कलाकार की तलाश में थे. और इस रोल के लिए ऋतिक रोशन से बेहतर भला कौन हो सकता है?”
यह भी पढ़ें – रामायण की चर्चा के बीच रणबीर कपूर के फैंस के लिए खुशखबरी, 15 अगस्त को होने जा रहा कुछ खास
क्यों बंद हो गई ऋतिक रोशन की ‘रामायण’?
यूके के लेखक फर्रुख धोंडी भी इस फिल्म की स्क्रिप्ट से जुड़े हुए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का अनुमानित बजट 50 करोड़ रुपये था. हालांकि, ये फिल्म कभी फ्लोर पर नहीं जा सकी और आखिरकार बंद हो गई. इसकी असली वजह कभी सामने नहीं आई, लेकिन उस समय आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आर्थिक कारणों और शुरुआती प्लानिंग के दौरान आई दिक्कतों की वजह से यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया.
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की स्टारकास्ट
कई साल बाद जब नितेश तिवारी ने अपनी ‘रामायण’ का ऐलान किया, तो कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि जटायु के किरदार को अमिताभ बच्चन अपनी आवाज देंगे. इस खबर से फैंस काफी एक्साइटेड हो गए थे. हालांकि, बाद में मेकर्स ने साफ कर दिया कि जटायु के किरदार को अनुपम खेर आवाज देंगे. रणबीर कपूर और अनुपम खेर के अलावा नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, विवेक ओबेरॉय विद्युतजिह्वा, कुणाल कपूर इंद्र, सनी देओल हनुमान और काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में नजर आएंगे.
कब रिलीज होगी ‘रामायण’?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फिल्म करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बनाई जा रही है. इसे नमित मल्होत्रा और यश प्रोड्यूस कर रहे हैं. हाल ही में मेकर्स ने ऐलान किया है कि फिल्म 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यानी ये फिल्म दिवाली से दो दिन पहले बड़े पर्दे पर दस्तक देगी. इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के आसपास रिलीज किया जाएगा.




