Guru Purnima: बैरी जॉन ने पहचाना शाहरुख खान का हुनर, भंसाली ने रणबीर को सिखाया अनुशासन, जानें किसे गुरु मानते हैं बॉलीवुड सितारे
Guru Purnima: शाहरुख खान, रणबीर कपूर से लेकर ऋतिक रोशन और आलिया भट्ट तक, इन कलाकारों को स्टार बनाने में किसी न किसी शख्स का हाथ जरूर रहा. ये उन्हें अपने गुरु की तरह मानते भी हैं. आइए उनके बारे में जानते हैं.
Guru Purnima 2026: बॉलीवुड में जब भी कोई एक्टर सुपरस्टार बन जाता है या फिर अपनी एक्टिंग से नेशनल अवॉर्ड अपने नाम करता है, तो लोग उसकी किस्मत और हुनर की तारीफ करते हैं. लेकिन कैमरे की इस चमचमाती दुनिया के पीछे एक और सच छिपा होता है- वो है एक गुरु का मार्गदर्शन! फिर चाहे थिएटर में डायलॉग डिलीवरी की बारीकियां सीखना हो, सेट पर घंटों घुटनों के बल बैठकर काम का अनुशासन समझना हो या फिर जिम में पसीना बहाकर पर्दे के लिए खुद को ट्रांसफॉर्म करना हो, बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों की सफलता के पीछे उनके गुरुओं का बहुत बड़ा हाथ रहा है. गुरु पूर्णिमा पर आइए जानते हैं हिंदी सिनेमा के कुछ मशहूर चेहरों के ऐसे ही गुरुओं के बारे में.
1. शाहरुख खान और बैरी जॉन
दिल्ली के ‘थिएटर एक्शन ग्रुप’ (TAG) के दिनों में अगर बैरी जॉन ने शाहरुख खान की छिपी हुई प्रतिभा को नहीं पहचाना होता, तो शायद दुनिया को उनका ‘किंग खान’ नहीं मिलता. बैरी जॉन ने ही शाहरुख की संवाद अदायगी और एक्सप्रेशन्स को तराशा था और सबसे पहले ये कहा था कि वो सिर्फ थिएटर के लिए नहीं, बल्कि बड़े पर्दे के लिए बने हैं.
2. मनोज वाजपेयी और बैरी जॉन: जब टूट चुकी थी उम्मीद, तब मिला सहारा
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) से लगातार तीन बार रिजेक्ट होने के बाद मनोज वाजपेयी पूरी तरह टूट चुके थे. तब अभिनेता रघुवीर यादव उन्हें बैरी जॉन के वर्कशॉप में ले गए. बैरी जॉन ने मनोज के हुनर को पहचाना. मनोज आज भी कहते हैं कि बैरी जॉन ने उन्हें सिखाया कि सहज अभिनय कैसे किया जाता है.
3. रणबीर कपूर और संजय लीला भंसाली
ऋषि कपूर के बेटे होने के बावजूद रणबीर कपूर को सीधी एंट्री नहीं मिली. उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘ब्लैक’ (2005) में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया. भंसाली के सख्त अनुशासन और छोटी-छोटी बारीकियों पर ध्यान देने की आदत ने रणबीर की कला को तराशा. इसके बाद ही भंसाली ने उन्हें ‘सावरिया’ से लॉन्च किया.
4. ऋतिक रोशन और सलमान खान
भले ही ऋतिक रोशन को उनके पिता राकेश रोशन ने फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ से लॉन्च किया, लेकिन ऋतिक की उस आइकॉनिक बॉडी के पीछे ‘भाईजान’ यानी सलमान खान का हाथ था. ऋतिक का कहना है कि अपनी पहली फिल्म की शूटिंग से पहले ऋतिक ने सलमान खान की पर्सनल गाइडेंस में सख्त जिम ट्रेनिंग और फिटनेस रूटीन फॉलो किया था.
5. टाइगर श्रॉफ और ऋतिक रोशन
टाइगर श्रॉफ ने हमेशा ऋतिक रोशन को अपना आदर्श और मेंटर माना है. डांस स्टाइल से लेकर एक्शन सीन्स तक, टाइगर ने ऋतिक को फॉलो किया. फिल्म ‘वॉर’ में जब दोनों साथ आए, तो टाइगर के लिए यह अपने गुरु के साथ काम करने जैसा था. ऋतिक के 45वें जन्मदिन पर टाइगर ने ‘एक पल का जीना’ के स्टेप्स रिक्रिएट करके उन्हें ट्रिब्यूट दिया था.
6. आलिया भट्ट और करण जौहर
वर्ष 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से आलिया भट्ट को लॉन्च करने वाले करण जौहर आज भी उनके करियर के सबसे बड़े मेंटर हैं. आलिया कई बार सार्वजनिक तौर पर स्वीकार कर चुकी हैं कि करण उनके लिए एक गाइड और पिता की तरह हैं, जो हर स्क्रिप्ट और प्रोफेशनल फैसले में उनका मार्गदर्शन करते हैं.
7. गोविंद नामदेव और दिलीप कुमार
NSD के एक्स स्टूडेंट रहें गोविंद नामदेव बॉलीवुड के लेजेंडरी एक्टर दिलीप कुमार को अपना रोल मॉडल और गुरु मानते हैं. नामदेव के मुताबिक, जब भी वो किसी काम्प्लेक्स और मुश्किल किरदार की तैयारी करते हैं, तो वो दिलीप कुमार की एक्टिंग स्टाइल और डायलॉग डिलीवरी की डेप्थ से प्रेरणा लेते हैं.




