Pradeep Rawat Death: ‘अश्वत्थामा’ से ‘भिक्षु यादव’ तक, प्रदीप रावत के 5 यादगार रोल, बॉलीवुड से साउथ तक छोड़ी छाप
प्रदीप रावत एक मंझे हुए कलाकार थे जो विलेन से लेकर सादगी भरे किरदार और कॉमेडी रोल तक बखूबी निभाते थे. 74 वर्ष की आयु में वो कैंसर से जिंदगी की जंग हार गए और मुंबई में अंतिम सांस ली.
अभिनेता प्रदीप रावत के निधन की खबर इंडस्ट्री के लोगों से लेकर उनके चाहने वालों के लिए बेहद दुखद है. अभिनेता ने हर भूमिका में अपनी छाप छोड़ी है. आमिर खान की फिल्म 'गजनी' में विलेन के रोल से उन्हें खूब पॉपुलैरिटी मिली. इससे पहले वो ए आर मुरुगादॉस की तमिल फिल्म ‘गजनी’ में डबल रोल निभा चुके थे.
साल 1999 में आई आमिर खान की फिल्म ‘सरफरोश’ में भी प्रदीप रावत ने विलेन (सुल्तान) का रोल निभाया था, जो अवैध हथियारों और गोला-बारूद के नेटवर्क से जुड़ा माफिया होता है. इसमें एसीपी अजय सिंह राठौड़ (आमिर खान) और विलेन सुल्तान के बीच जबरदस्त भिड़ंत दिखाई गई थी. भले ही ये छोटा लेकिन दमदार किरदार था.
बी.आर चोपड़ा के प्रसिद्ध धारावाहिक महाभारत में अभिनेता प्रदीप रावत अश्वत्थामा के किरदार में नजर आए थे. इस रोल में उन्हें काफी पसंद किया गया और घर-घर प्रसिद्धि मिली. ये उनका डेब्यू रोल था, जिससे करियर को भी आगे के लिए काफी मजबूती मिली थी.
आमिर खान की ही फिल्म लगान में अभिनेता प्रदीप रावत ने देवा सिंह सोढ़ी (Deva Singh Sodhi) का किरदार निभाया था. जो एक बेहद जुझारू सिख खिलाड़ी होता है और आमिर की टीम का हिस्सा बनकर अंग्रेजों के खिलाफ क्रिकेट खेलता है.



