Irumudi Box Office: बॉक्स ऑफिस पर साउथ के ‘अक्षय कुमार’ की वापसी, लगातार 3 फ्लॉप के बाद सुपरहिट के लिए तैयार रवि तेजा
पिछले कुछ समय से रवि तेजा की फिल्में कोई खास कमाल नहीं दिखा रही थीं. लेकिन अब लगातार 3 फ्लॉप देने के बाद उनकी फिल्म इरुमुडी ने कमाल कर दिया है. इसका ओपनिंग डे कलेक्शन हैरान करने वाला है.
साउथ फिल्म इंडस्ट्री में रवि तेजा का अलग ही भौकाल है. वे हिंदी ऑडियंस के बीच भी काफी पॉपुलर चेहरा हैं. पिछले 2 दशक में उनकी कई सारी फिल्में रिलीज की गई हैं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई कर के दिखाई है. लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी फिल्मों का हाल अच्छा नहीं जा रहा था. अलग-अलग मिजाज की फिल्में करने के बाद भी उनके हाथ निराशा लग रही थी. लेकिन अब एक्टर ने एक बार फिर से जोरदार वापसी कर ली है. उनकी फिल्म इरुमुडी सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. इस फिल्म की कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं.
इरुमुडी फिल्म को रिलीज हुए अभी एक दिन ही हुआ है और इसने अपनी कमाई से चौंका दिया है. फिल्म बहुत ज्यादा बजट में नहीं बनी है. लेकिन पहले दिन ही इस फिल्म ने अपने बजट का दोगुना कमा लिया है. आइए जानते हैं कि फिल्म ने ओपनिंग डे पर कितनी कमाई की है.
इरुमुडी फिल्म ने सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले दिन नेट कलेक्शन के मामले में 15.30 करोड़ का कलेक्शन किया है. खास बात तो ये है कि फिल्म की ये कमाई तेलुगु भाषा से ही आई है. फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 17.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखा दिया है. इसी के साथ इस फिल्म ने विदेशों में भी अच्छा कलेक्शन किया है जो दर्शाता है कि ये विदेशों में रवि तेजा का कितना क्रेज है. फिल्म का ओपनिंग डे का ओवरसीज कलेक्शन 6 करोड़ रुपये का रहा है. इसे जोड़ लिया जाए तो इरुमुडी की ओपनिंग डे की कुल कमाई 23.75 करोड़ रुपये की हो गई है.
ये भी पढ़ें- 2026 की सक्सेस 2027 में दोहराने को तैयार साउथ मेगास्टार चिरंजीवी, अपकमिंग फिल्म Kaaka की रिलीज डेट आई
रवि तेजा की पिछली 3 फिल्में थीं फ्लॉप
रवि तेजा की बात करें तो उनकी पिछली 3 फिल्मों का कलेक्शन अच्छा नहीं रहा था. इसमें ईगल, मिस्टर बच्चन और मास जथारा जैसी फिल्मों को शामिल किया जा सकता है. रवि तेजा की ईगल फिल्म 50 करोड़ भी नहीं कमा सकी थी और फ्लॉप रही थी. वहीं उनकी फिल्म मिस्टर बच्चन का हाल तो और भी बुरा रहा था और ये फिल्म डिजास्टर साबित हुई थी. इसके अलावा उनकी फिल्म मास जथारा भी लगभग 23 करोड़ ही कमा सकी थी. ऐसे में अब रवि की हालिया रिलीज फिल्म इरुमुडी ने उम्मीद जगाई है और इस फिल्म के जरिए रवि तेजा की वापसी होती नजर आ रही है.




