‘अंदर के लोग बाहर वालों से अच्छे हैं’, जेल के 27 दिनों के अनुभव पर किताब लिख रहीं रिया चक्रवर्ती
Rhea Chakraborty Recalled Jail Days: बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ने उन दिनों को याद किया है जब सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उन्हें 27 दिन जेल में गुजारने पड़े थे.
Rhea Chakraborty Recalled Jail Days: बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती इन दिनों प्राइम वीडियो के रिएलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ को लेकर चर्चा में चल रही हैं. करण जौहर की होस्टिंग वाले इस शो में रिया बतौर कंटेस्टेंट नजर आने वाली हैं. इसी बीच रिया ने उस बुरे दौर पर बात की है जब एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उन्हें जेल में रहना पड़ा था. रिया का कहना है कि जो लोग बाहर हैं, उनसे अच्छे वो लोग हैं, जो जेल के अंदर हैं. रिया ने जेल के दिनों पर किताब लिखने की भी बात कही है.
रिया चक्रवर्ती हाल ही में कॉमेडियन तन्मय भट्ट के यूट्यूब चैनल तन्मय रिएक्ट्स पर नजर आईं. उसी दौरान उन्होंने जेल के दिनों पर बात की. रिया ने कहा, “मुझे लगता है कि जेल के अंदर के लोग जेल के बाहर के लोगों से बेहतर हैं, क्योंकि अंडरट्रायल जेल में ज्यादातर लोग बेगुनाह होते हैं, खासकर महिलाएं. वहां कोई ऊंच नीच नहीं होती है. सब बराबर होते हैं. सबकी पहचान बस एक नंबर से होती है, कोई नाम नहीं होता है.”
जेल के दिनों पर किताब लिख रही हैं रिया चक्रवर्ती
रिया चक्रवर्ती ने तन्मय भट्ट के चैनल पर ये भी कहा कि वो जेल के दिनों पर किताब लिख रही हैं. दरअसल, उनसे पूछा गया कि जेल में किस तरह का खाना मिलता है, इसपर उन्होंने कहा, “मैं किताब लिख रही हूं, पढ़ लेना.” जब उनसे ये पूछा गया कि किताब का नाम क्या होगा, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा ‘चुड़ैल का बदला.’ रिया ने ये भी बताया कि जेल के अंदर ज्यादातर अंडरट्रायल कैदी गाना गाते और डांस करते हुए अपना समय गुजारते हैं. साथ ही कई लोग वहां ठेचा (महाराष्ट्र की प्रसिद्ध चटनी) भी बनाते हैं.
सुशांत सिंह राजपूत का निधन जून 2020 में हुआ था. उसके बाद रिया पर सुशांत को हत्या के लिए उकसाने समेत और भी कई आरोप लगे थे. उसी साल सितंबर में उनकी गिरफ्तारी हुई थी. मुंबई की बायकुला जेल वो लगभग 27 दिनों तक अंडरट्रायल कैदी के तौर पर रही थीं. फिर बॉम्बे हाई कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी. साल 2025 में CBI से रिया को क्लिन चिट मिल गई.
ये भी पढ़ें-
अजय देवगन ने क्राइम पेट्रोल में किया रिप्लेस, अनूप सोनी ने तोड़ी चुप्पी
4000 करोड़ी रामायण में इस TV एक्टर को कैसे मिले 7 रोल? रावण बने यश से है खास कनेक्शन
कब से शुरू होगा ‘द ट्रेटर्स 2’?
बहरहाल, अगर बात रिया चक्रवर्ती के शो ‘द ट्रेटर्स 2’ की करें तो 13 अगस्त से ये शो प्राइम वीडियो पर शुरू होने जा रहा है. रिया के साथ मुनव्वर फारूकी, मल्लिका शेरावत, श्वेता तिवारी, अभिषेक मल्हान, क्रिस्टल डिसूजा जैसे स्टार्स इस शो में नजर आने वाले हैं.




