फिल्म स्टार्स में ज्यादा स्टाइल, क्लास…रोहित रॉय ने टीवी को बताया डस्टबिन मीडियम

फिल्म स्टार्स में ज्यादा स्टाइल, क्लास…रोहित रॉय ने टीवी को बताया डस्टबिन मीडियम

रोहित रॉय ओटीटी और फिल्मों का जाना-माना चेहरा है. हालांकि, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की थी. अब एक्टर ने टीवी को ही डस्टबिन मीडियम बता दिया है और टीवी स्टार्स के स्टाइल पर भी तंज कसा है.

90 के दशक के दूरदर्शन के मशहूर शो स्वाभिमान से घर-घर में पहचान बनाने वाले रोहित रॉय फिल्मों और ओटीटी पर काफी एक्टिव हैं. भले ही उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो से की हो. लेकिन आज रोहित बड़े पर्दे पर नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस बीच उन्होंने टीवी और टीवी स्टार्स को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है, जो चर्चा का विषय बन गया है. दरअसल, रोहित ने टीवी और फिल्मों के कलाकारों के बीच लंबे समय से चली आ रही सोच और फर्क पर खुलकर बात की है. खुद टीवी से अपने करियर की शुरुआत करने वाले रोहित का मानना है कि दोनों माध्यमों के कलाकारों के पब्लिक में पेश आने के तरीके में काफी अंतर नजर आता है.

इतना ही नहीं उन्होंने तो टीवी को डस्टबिन मीडियम तक कह दिया और कहा कि सिनेमा की अपनी एक अलग जगह और लंबी उम्र होती है. वहीं, एक्टर ने टीवी और बॉलीवुड स्टार्स के बिहेवियर से लेकर स्टाइल तक पर सवाल उठा दिया है. चलिए जानते हैं रोहित ने और क्या कुछ कहा है?

ये भी पढ़ें: Kaun Banega Crorepati 18: केबीसी में अमिताभ बच्चन ने बताया अपना अधूरा सपना, बोले- आज भी अफसोस है

टीवी को लेकर क्या बोले रोहित ?

Kindle Cast के YouTube चैनल पर बातचीत के दौरान रोहित से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मौजूद उस कास्ट सिस्टम के बारे में पूछा गया, जिसमें टीवी के कलाकारों को अक्सर फिल्मी सितारों से नीचे देखा जाता है, जबकि टीवी की पहुंच काफी ज्यादा है. इस पर रोहित ने कहा कि टीवी एक्टर्स में उन्हें वह कैरिज या आत्मविश्वास कम नजर आता है, जो अक्सर फिल्म स्टार्स में देखने को मिलता है. खासकर जब वे किसी पब्लिक इवेंट में नजर आते हैं.

उन्होंने कहा, आप किसी फिल्म एक्टर को पब्लिक अपीयरेंस में देखिए, खासकर किसी स्टार को. जब वह बाहर आता है तो उसके चलने-बोलने और खुद को पेश करने के तरीके में एक अलग बात होती है. बेशक हर कोई एक छवि बनाए रखता है और हमें भी ऐसा करना पड़ता है. लेकिन उनका अंदाज ग्रेसफुल, गरिमापूर्ण, स्टाइलिश और कूल होता है. उनमें एक अलग तरह का स्टाइल और क्लास होती है.

टीवी कलाकारों की तुलना करते हुए रोहित ने कहा, फिर टीवी एक्टर्स की किसी दूसरी गैदरिंग को देखिए. उनके व्यवहार का तरीका देखेंगे तो आपको खुद ही इसका जवाब मिल जाएगा.

रोहित ने कहा कि खुद टीवी से आने के बावजूद उन्होंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा है कि वह सार्वजनिक जगहों पर किस तरह पेश आते हैं. उनके मुताबिक, आपको एक खास तरह की गरिमा और शालीनता के साथ खुद को पेश करना चाहिए. आप बेवजह हंगामा नहीं कर सकते और न ही ऐसी बातें कह सकते हैं जो बेवकूफी भरी हों, सिर्फ इसलिए कि आपको पता है कि वहां पैपराजी मौजूद है.

टीवी एक्टर्स के कपड़ों पर भी बोले रोहित

रोहित ने टीवी और फिल्मों के कलाकारों के पहनावे को लेकर भी तुलना की. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि फिल्म स्टार्स कभी रिवीलिंग कपड़े नहीं पहनते, लेकिन उनके मुताबिक उन्हें कैरी करने का एक अलग अंदाज होता है. उन्होंने कहा, कपड़ों को देखिए. ऐसा नहीं है कि फिल्म स्टार्स रिवीलिंग कपड़े नहीं पहनते, लेकिन उसे पहनने का एक खास स्टाइल होता है. मुझे सोशल मीडिया पर हर जगह नजर आने वाली एक महिला का नाम नहीं पता, लेकिन वह मुश्किल से ही कुछ पहनती हैं. तो फिर आप ऐसा क्यों कर रहे हैं? लोग आपके साथ बुरा व्यवहार करेंगे.

रोहित ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के लुक और अपीयरेंस से भले ही किसी को खूब अटेंशन मिल जाए, लेकिन इससे जरूरी नहीं कि उन्हें सम्मान भी मिले.

टेलीविजन बताया डस्टबिन मीडियम है

जब रोहित से पूछा गया कि क्या इस तरह की सोच टीवी और फिल्मों के बीच मौजूद भेदभाव को और मजबूत करती है, तो उन्होंने बिना झिझके सिनेमा को टीवी से ऊपर रखा. रोहित ने कहा, सिनेमा, सिनेमा है. वह आने वाली पीढ़ियों के लिए रहता है. टेलीविजन एक डस्टबिन मीडियम है.

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More