Sairaab New Lead: पॉक्सो केस में फंसे रोहित चंदेल शो से बाहर, ‘अनुपमा’ फेम इस एक्टर की हुई ‘सैराब’ में एंट्री
Sairaab New Lead: पॉक्सो केस में जेल गए रोहित चंदेल स्टार प्लस के सीरियल 'सैराब' से बाहर हो गए हैं. अब इस शो में 'अनुपमा' फेम सागर पारेख मुख्य किरदार निभाने वाले हैं.
TV Show Sairaab New Lead: टीवी शो ‘सैराब’ के लीड एक्टर रोहित चंदेल की गिरफ्तारी के बाद ‘TV9 हिंदी डिजिटल’ ने सबसे पहले आपको ये जानकारी दी थी कि बैंक एपिसोड न होने की वजह से रोहित चंदेल को रिप्लेस किया जा सकता है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मेकर्स ने अब रोहित चंदेल को शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. नाबालिग से मारपीट और पीछा करने के गंभीर आरोपों (पॉक्सो एक्ट) के तहत गिरफ्तार हुए रोहित चंदेल के बाद शो का काम पूरी तरह अटक गया था. अब मेकर्स ने बिना वक्त गंवाए शो की शूटिंग को ट्रैक पर लाने के लिए नए लीड एक्टर को फाइनल कर लिया है. ‘अनुपमा’ में समर का किरदार निभाकर घर-घर मशहूर हुए हैंडसम एक्टर सागर पारेख अब इस शो में नए हीरो के रूप में नजर आएंगे.
जानकारी के मुताबिक, जब ‘सैराब’ शो की कास्टिंग शुरू हुई थी, तब मेकर्स की पहली पसंद सागर पारेख ही थे. हालांकि, उस समय बजट और कुछ अन्य कारणों की वजह से बात नहीं बन पाई थी और रोहित चंदेल को ‘ईशान’ के किरदार के लिए साइन कर लिया गया. अब जब रोहित चंदेल कानूनी पचड़े में बुरी तरह फंस चुके हैं और पुलिस कस्टडी में हैं, तो मेकर्स ने दोबारा सागर पारेख से संपर्क किया और दोनों के बीच बात फाइनल हो गई है. कॉन्ट्रैक्ट के पेपर साइन करने के बाद जल्द ही सागर शूटिंग शुरू करने वाले हैं.
View this post on Instagram
ये भी पढ़ें: Pandya Store फेम रोहित चंदेल गिरफ्तार, नाबालिग से हैरेसमेंट मामले में एक्टर पर लगा POCSO एक्ट
क्यों हुई रोहित चंदेल की अचानक गिरफ्तारी?
स्टार प्लस के नए रोमांटिक ड्रामा शो ‘सैराब’ में लीड रोल निभा रहे रोहित चंदेल को इसी महीने मुंबई की घाटकोपर पुलिस ने हिरासत में लिया था. उन पर एक 16 साल की नाबालिग को-स्टार का पीछा करने, उसे बार-बार फोन कर प्रताड़ित करने और बिल्डिंग के पास जाकर मारपीट और गाली-गलौच करने के गंभीर आरोप लगे. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मुकदमा दर्ज कर रोहित को जेल भेज दिया है.
शो की कहानी में आएगा बड़ा मोड़
रोहित की इस अचानक गिरफ्तारी के बाद चैनल और प्रोडक्शन हाउस पर भारी दबाव था. लगातार एपिसोड्स की कमी और गिरती साख को देखते हुए मेकर्स ने सैराब की स्क्रिप्ट में बदलाव किए हैं. अब सागर पारेख को एक फ्रेश एंट्री और बदले हुए अंदाज के साथ पर्दे पर उतारा जाएगा. फैंस भी सागर पारेख की टीवी पर वापसी को लेकर काफी एक्साइटेड हैं और देखना दिलचस्प होगा कि वो ‘ईशान’ के इस उलझे हुए किरदार को किस तरह निभाते हैं.




