टेलीविजन इतिहास का सबसे बड़ा महा-धमाका… सलमान, मोहनलाल और विजय सेतुपति एक साथ ला रहे हैं ‘बिग बॉस’ का नया सीजन!
टेलीविजन इतिहास में पहली बार 'बिग बॉस' के चार बड़े वर्जन एक साथ शुरू होने जा रहे हैं. सलमान खान, मोहनलाल, विजय सेतुपति और किच्चा सुदीप छोटे पर्दे पर नया इतिहास रचेंगे.
भारतीय टेलीविजन और डिजिटल की दुनिया में इस बार ऐसा कुछ होने जा रहा है जो आज से पहले कभी नहीं देखा गया है. देश का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा देखा जाने वाला रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ एक ऐसा ऐतिहासिक धमाका करने की तैयारी में है, जिसने पूरे एंटरटेनमेंट मार्केट के होश उड़ा दिए हैं. अब तक अलग-अलग महीनों और हफ्तों में आने वाले ‘बिग बॉस’ के चार बड़े रीजनल वर्जन्स इस बार रविवार, 6 सितंबर को एक ही दिन और एक साथ ऑन-एयर होने जा रहे हैं.
यानी एक ही तारीख को देश के चार सबसे बड़े सुपरस्टार्स—बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान, मलयालम सिनेमा के लीजेंड मोहनलाल, कॉलीवुड के ‘मक्कल सेल्वन’ विजय सेतुपति और कन्नड़ सिनेमा के पावरहाउस किच्चा सुदीप अपनी-अपनी भाषाओं में ‘बिग बॉस’ का बिगुल फूंकेंगे. इसके अलावा नागार्जुन के ‘बिग बॉस तेलुगू 10’ के भी इसी समय के आसपास शुरू होने की मजबूत चर्चा है.
साउथ में बिग बॉस का पागलपन
जियोस्टार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों पर नजर डालें तो साउथ के दर्शकों में इस शो को लेकर जो दीवानगी है, वो किसी सुनामी से कम नहीं है. चारों साउथ एडिशन्स ने मिलकर अब तक 30 करोड़ (300 मिलियन) से ज्यादा दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाई है और 270 (बिलियन) अरब व्यूइंग मिनट्स जुटाए हैं.
कहा जाता है कि हर पांच में से एक भारतीय साउथ ‘बिग बॉस’ देखता है. अकेले केरल की बात करें तो ‘बिग बॉस मलयालम’ राज्य की 84 फीसदी आबादी तक पहुंचता है, जो कि ऑस्ट्रेलिया की कुल आबादी से भी ज्यादा है. वहीं नागार्जुन के तेलुगू वर्जन के फिनाले ने 19.6 की ऐतिहासिक टीवी रेटिंग (TVR) दर्ज की थी, जबकि विजय सेतुपति के तमिल डेब्यू वाले दिन ही 1.5 अरब व्यूइंग मिनट्स रिकॉर्ड किए गए थे.
ये भी पढ़ें- जिम कर आया, प्रोटीन खाएगा? बॉडी शेमिंग पर भड़के पारस छाबड़ा? आसिम के विवादित बयान पर शेयर किया वराह देव का रूप!
24 घंटे लाइव और इंटरैक्टिव एंटरटेनमेंट का नया दौर
इस बार सिर्फ टीवी स्क्रीन ही नहीं, बल्कि जियोहॉटस्टार पर 24/7 लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए फैंस को हर पल घर के अंदर की हलचल देखने को मिलेगी. दर्शक सिर्फ टीवी देखकर शांत नहीं बैठते, बल्कि वो सीधे अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट्स के लिए गेम में उतरते हैं. इसका सबसे बड़ा सबूत है साउथ के पिछले सीजंस में पड़े 2.2 अरब (बिलियन) से ज्यादा वोट्स! हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ के करोड़ों दर्शक 6 सितंबर से एक साथ इस ड्रामे, रणनीति और हाई-वोल्टेज एंटरटेनमेंट के गवाह बनेंगे. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इतने बड़े स्केल पर एक साथ शोज़ लॉन्च करने ये रणनीति सही साबित हुई, तो ओटीटी और टीवी व्यूअरशिप के सारे पुराने रिकॉर्ड्स को पूरी तरह ध्वस्त कर देगी.




