Box Office: 4 दिन में Welcome To The Jungle ने लगाई ‘सेंचुरी’, 34 कलाकारों वाली फिल्म ने कर डाली ताबड़तोड़ कमाई

Box Office: 4 दिन में Welcome To The Jungle ने लगाई ‘सेंचुरी’, 34 कलाकारों वाली फिल्म ने कर डाली ताबड़तोड़ कमाई

Akshay Kumar Comedy Movie: बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल सिनेमाघरों में रिलीज के 4 दिन पूरे कर चुकी है. इन्हीं 4 दिन में फिल्म ने अपना शतक भी पूरा कर लिया है. भले ही चौथे दिन फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली है लेकिन वीकडेज में ऐसा होना लाजमी भी है. इस फिल्म ने इसके बावजूद मोमेंटम बनाए रखा है और उम्मीद है कि आने वाले 3-4 दिन भी फिल्म अपने इस फ्लो को जारी रखेगी.

Welcome To The Jungle Box Office: सिनेमाघरों में इस वक्त कई सारी फिल्में लगी हुई हैं. खासकर बॉक्स ऑफिस कॉम्पिटिशन तो बॉलीवुड की फिल्मों के बीच देखने को मिल रहा है. वेलकम टू द जंगल तो तगड़ी कमाई कर ही रही है लेकिन इसके पहले लगी हुई फिल्मों का भी कलेक्शन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. मगर इसमें कोई दोराय नहीं है कि वेलकम टू द जंगल ने ज्यादातर ऑडियंस का ध्यान खींचा है और इस कॉमेडी फिल्म को देखने के लिए लोगों का जमावड़ा सिनेमाघरों में नजर आ रहा है. फिल्म ने शुरू में ही अच्छी पकड़ बना ली है और बता दिया है कि ये जल्द ही अपना भारी-भरकम बजट रिकवर कर मुनाफे की तरफ जाना चाहती है. अपने पहले सोमवार को यानी चौथे दिन फिल्म ने 8.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.

सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो वेलकम टू द जंगल फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में बंपर कमाई की और 64 करोड़ के करीब कमा लिए. वहीं दूसरी तरफ फिल्म के चौथे दिन के कलेक्शन को मिला लिया जाए तो इसकी कुल कमाई 72.25 करोड़ रुपये की हो चुकी है वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 86.53 करोड़ रुपये का रहा है. फिल्म ने ओवरसीज कलेक्शन के मामले में चौथे दिन 3 करोड़ कमाए हैं जिससे विदेश में इसकी कमाई 19.95 करोड़ रुपये की हो चुकी है. इसे अगर मिला लिया जाए तो फिल्म का 4 दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 106.48 करोड़ रुपये का रहा है.

कब तक निकाल पाएगी बजट?

फिल्म कोई मामुली बजट में नहीं बनी है और 34 से ज्यादा कलाकारों के साथ काम करना भी फिल्म के लिए एक चुनौती थी. इस फिल्म का बजट रिपोर्ट्स के मुताबिक 350 करोड़ रुपये का माना जा रहा है. ऐसे में फिल्म के लिए अपनी इस कमाई को 2 हफ्तों तक ऐसे ही रखना होगा. तब जाकर ये फिल्म अपना बजट निकालने की सोच सकती है. हालांकि आगे भी अगर फिल्म का खुमार लोगों के बीच देखने को मिलता है तो वेलकम टू द जंगल जरूर अपने कलेक्शन को 500 करोड़ रुपये के पार पहुंचाना चाहेगी.

ये भी पढ़ें- फिल्म उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार, केंद्र ने बनाया हाई लेवल स्टडी ग्रुप; लिए दो बड़े फैसले

फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, राजपाल यादव, जाकिर हुसैन, जॉनी लीवर, आफताब शिवदसानी, श्रेयस तलपड़े, बिजेंद्र काला, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ, विंदु दारा सिंह, फरीदा जलाल और पुनीत इस्सर का अभिनय देखने को मिला है. फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है और फिरोज नाडियाडवाला ने इस फिल्म का निर्माण किया है. वेलकम फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों का कलेक्शन बढ़िया रहा था और अब जरूर ही ये फिल्म भी इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी का मान रखती नजर आ रही है.

पुनीत उपाध्याय
पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में पूरे कर चुका हूं 4 साल. सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक, कभी खोजी पत्रकार, कभी मौजी पत्रकार.

Read More