तीन दिनों से नहीं सोए शेखर सुमन, बोले-‘स्टूडेंट्स को बेरहमी से मारा गया…मैं बस रोया’
दिल्ली में हो रहे छात्रों के प्रदर्शन पर अब तक कई बड़ी हस्तियां उनके सपोर्ट में आयी हैं. अब शेखर सुमन ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई पर अपना रिएक्शन दिया है और कहा कि वो उन घटनाओं की वीडियो देखकर तीन दिनों से सो तक नहीं पाए हैं.
अभिनेता शेखर सुमन ने दिल्ली में हो रहे छात्र प्रदर्शन को लेकर अपना रिएक्शन दिया और वह भावुक हो गए. फिलहाल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो चुका है और इससे पहले सोनम वांगचुक ने भी अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी. शेखर सुमन का कहना है कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज से वो बेहद दुखी हैं. उन्होंने ये बातें अपने शो ‘शेखर टूनाइट’ के हालिया एपिसोड के में कही हैं. शेखर सुमन ने सोशल मीडिया पर आ रही क्लिप्स का भी जिक्र किया है और कहा कि वो खौफनाक मंजर था.
शेखर सुमन ने अपने शो के एपिसोड की शुरुआत में सबसे पहले दिल्ली में हो रहे छात्र प्रदर्शन पर अपनी बात रखी. उन्होंने वीडियो में 20 जुलाई 2026 के दिन ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई घटनाओं के बारे में बात की है और बताया है कि इसका उनके ऊपर कितना असर हुआ है.
क्या बोले शेखर सुमन?
इस वीडियो में अभिनेता शेखर सुमन ने बात करते हुए कहा, “जंतर मंतर पर 20 जुलाई को जो छोटे, मासूम, निहत्थे, असहाय, बेगुनाह बच्चों के साथ जो हुआ, जिस तरह निर्ममता, बेरहमी और बर्बरता से उनको लाठियों से मारा गया, लहूलुहान किया गया, वो दिल को हिला देना वाला एक ऐसा खौफनाक मंजर था, कि तीन दिनों से मैं सोया नहीं सिर्फ रोया हूं.”
इसके आगे उन्होंने कहा, “क्या कसूर था उन छोटे, मासूम और जवान बच्चों का, यही कि उन्होंने अन्याय और जुल्म के खिलाफ आवाज उठाई, अपने हक, अपने भविष्य और उससे ऊपर उठके देश के भविष्य के लिए आवाज उठाई. एक स्वस्थ, शिक्षा प्रणाली के लिए आवाज उठाई, और उसके बदले उनकी बातें तो सुनना दूर, उन पर लाठियां बरसाई गईं. आंसू गैस के गोले छोड़े गए.”
शेखर सुमन ने इस दौरान महाभारत का जिक्र भी किया और कहा, “महाभारत उस दिन शुरू नहीं हुई थी, जिस दिन शंख बजा, इसकी शुरुआत उस दिन हुई थी जिस दिन हस्तिनापुर ने अपने ही युवाओं को सुनना बंद कर दिया था, क्योंकि इतिहास अक्सर वहीं से करवट लेता है जहां राज सिंहासन ये मान लेता है कि अब उसे किसी की सुनने की जरूरत नहीं.” इसके अलावा भी उन्होंने छात्रों के समर्थन में कई बातें कही हैं.
View this post on Instagram
शेखर सुमन वर्क फ्रंट
‘शेखर टुनाइट’ शेखर सुमन का डिजिटल टॉक शो है जो उनके पुराने पॉपुलर शो ‘मूवर्स एंड शेकर्स’ की तर्ज पर बना है. इसमें हल्के-फुल्के अंदाज में व्यंगात्मक तरीके से सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाती है. इसमें कई सेलिब्रिटी गेस्ट भी आते हैं. इसके अलावा शेखर सुमन जून 2026 में अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ (The Pyramid Scheme) में भी नजर आए हैं.
ये भी पढ़ें: क्या कुशाल टंडन बन गए अलायंस के नए Ace? इस टीम की गलती के चलते मिला बड़ा मौका




