Dhurandhar 2 शुरू होते ही थिएटर बना अखाड़ा, चले खूब लात-घूंसे, वायरल हुआ वीडियो

Dhurandhar 2 शुरू होते ही थिएटर बना अखाड़ा, चले खूब लात-घूंसे, वायरल हुआ वीडियो

Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की 'धुरंधर: द रिवेज' की स्क्रीनिंग के दौरान एक सिनेमाघर में बवाल हो गया. कुछ लड़कों ने मिलकर एक लड़के की पिटाई कर दी. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

Dhurandhar 2: 19 मार्च को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का खुमार फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म की चर्चा हर कोई कर रहा है. सोशल मीडिया पर इसके मीम्स वायरल हो रहे हैं. इस फिल्म के एक्शन की भी जमकर तारीफ की जा रही है. पर लगता है कि रणवीर सिंह का एक्शन देखकर थिएटर में नौजवानों का भी खून खौल जा रहा है. ऐसा ही कुछ एक थिएटर में हुआ, जिसका वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है.

वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि एक तरफ तो रणवीर सिंह, जसकीरत सिंह रांगी बनकर अपने परिवार के साथ हुई नाइंसाफी का बदला ले रहा है, वहीं दूसरी तरफ थिएटर के अंदर ही कुर्सी पर बैठे कुछ लड़के आपस में भिड़ गए हैं. कुछ लड़के मिलकर एक लड़के को पीट रहे हैं. खूब लात-घूंसे बरसाए जा रहे हैं. एक इंस्टाग्राम यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “दोनों तरफ फाइट सीन.” वीडियो पर कैप्शन में लिखा गया है, “धुरंधर 2 से इंस्पायर.”

थिएटर में बवाल, मची अफरा-तफरी

थिएटर में जैसे ही झगड़ा शुरू हुआ वहां पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोग वहां से उठकर भागते दिखाई दिए. हालांकि कुछ लोगों ने बीच बचाव की भी कोशिश की. हालांकि ये नहीं पता चल पाया कि वीडियो कहां का है. इस वीडियो पर अब तक 13 हज़ार से ज्यादा लाइक्स और सैकड़ों कमेंट्स आ चुके हैं. वहीं इसे अब तक करीब 5 लाख लोग देख भी चुके हैं.

‘धुरंधर 2’ 1000 करोड़ के पार

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ जब से सिनेमाघरों में आई है, बंपर कमाई कर रही है. फिल्म ने सिर्फ 7 दिनों में ही एक हज़ार करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को पार कर लिया है. इसके साथ ही ‘धुरंधर 2’ वर्ल्डवाइड बॉलीवुड की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म और भारत की 10वीं सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली पिक्चर बन गई है. घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका नेट कलेक्शन 627 करोड़ रुपये हो गया है.