Saif Ali Khan को किस चीज का शौक है? ‘हैवान’ के सेट पर हमेशा करते थे ये काम, डायरेक्टर प्रियदर्शन का खुलासा
Priyadarshan On Working With Saif Ali Khan: सैफ अली खान और डायरेक्टर प्रियदर्शन ने पहली बार 'हैवान' पर साथ काम किया है. प्रियदर्शन ने सैफ से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें शेयर की हैं.
Priyadarshan On Working With Saif Ali Khan: सैफ अली खान और अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में चल रहे हैं. हाल ही में इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया. इस पिक्चर को डायरेक्ट किया है प्रियदर्शन ने, जिन्होंने अक्षय के साथ तो ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भूत बंगला’ समेत और भी कई फिल्में की हैं. हालांकि, ‘हैवान’ प्रियदर्शन और एक सैफ की एक साथ पहली फिल्म है.
प्रियदर्शन ने बताया कि सैफ बहुत सारे सवाल पूछते हैं, जो कि अच्छी चीज है. पिंकविला के साथ बातचीत में प्रियदर्शन ने कहा, “वो एक समझदार बच्चे की तरह हैं. उनके मन में हमेशा बहुत सारे सवाल होते हैं. सवाल पूछना एक्टर का हक होता है. आप जैसे ही सैफ के सवाल का जवाब देते हैं, उसके बाद वो आपकी बात मान लेते हैं.”
सैफ ने सवाल पूछना बंद कर दिया था?
प्रियदर्शन ने आगे बताया कि सेट पर दो दिनों के बाद उन्होंने नोटिस किया कि सैफ कोई भी सवाल नहीं पूछ रहे हैं, तो फिर उन्होंने उनसे कहा कि कोई सवाल है, जिसपर सैफ ने कहा कि नहीं सर अब कोई सवाल नहीं है. अब मैं जानता हूं कि आप क्या शूट करना चाहते हैं. प्रियदर्शन ने कहा ऐसे में उन दोनों का एक दूसरे के लिए कॉन्फिडेंस बना. प्रियदर्शन ने सैफ अली खान की एक अच्छी आदत का भी खुलासा किया. उन्होंने बताया कि सैफ शॉट्स के बीच में सिर्फ किताबें पढ़ते हैं. दुनिया में क्या कुछ चल रहा है, इसको लेकर सैफ को अच्छा-खास ज्ञान है.
प्रियदर्शन कहा, “मैंने उनके बारे में एक बहुत खूबसूरत चीज नोटिस की, जो कि आज बहुत कम देखने को मिलती है. शूटिंग के बीच में वो सिर्फ किताबें पढ़ा करते हैं. मैंने उन्हें फोन चलाते कभी नहीं देखा. फिर मुझे समझ आया कि उन्हें पढ़ने का काफी शौक है और दुनियाभर की चीजों को लेकर उन्हें जबरदस्त जानकारी है. ये एक ऐसी चीज है, जो मुझे काफी दिलचस्प लगी. आप उनसे किसी भी विषय पर बात कर सकते हैं.”
ये भी पढ़ें-
400 मिलियन इंस्टा फॉलोअर वाली सिंगर-एक्टर सेलेना पर धोखाधड़ी का आरोप, मुकदमा दायर
‘हैवान’ रिलीज डेट
‘हैवान’ 11 सितंबर को रिलीज होने वाली है. सैफ इस पिक्चर के हीरो हैं और अक्षय कुमार इसमें विलेन के रोल में दिखने वाले हैं. 18 सालों के बाद दोनों एक्टर्स किसी फिल्म में साथ दिखेंगे. इससे पहले दोनों एक साथ 2008 की फिल्म ‘टशन’ में नजर आए थे.




