हॉलीवुड सीरीज से कॉपी है इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ का पोस्टर? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
Awarapan 2: इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' रिलीज से पहले काफी चर्चा मे है. ट्रेलर लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म के पोस्टर की तुलना हॉलीवुड सीरीज 'होमलैंड' से की जा रही है, जिसे लेकर नई बहस छिड़ गई
Emraan Hashmi Awarapan 2 Poster: इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म ‘आवारापन 2’ इन दिनों हर तरह छाई हुई है. बीते रोज इसका ट्रेलर रिलीज हुआ, जो आते ही सोशल मीडिया पर हॉट टॉपिक बन गया है. एक तरफ फैंस 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ की यादें ताजा होने की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर थंबनेल पर कॉपी के आरोप लगने शुरू हो गए हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि इसका पोस्टर और थंबनेल मशहूर हॉलीवुड सीरीज ‘होमलैंड’ के आर्टवर्क से काफी मिलता-जुलता है.
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ का जब से ट्रेलर आया, तभी से लोग इसके बारे में बात करते नहीं थक रहे हैं. लोगों का कहना है कि ‘आवारापन 2’ के मेकर्स ने दिखा दिया कि बिना स्टोरी बताए कैसे एकदम परफेक्ट ट्रेलर काटा जाता है. जहां एक तरफ इसकी जमकर तारीफ हो रही है, तो दूसरी ओर कुछ यूजर्स का कहना है कि इसका पोस्टर हॉलीवुड सीरीज ‘होमलैंड’ से कॉपी किया गया है.
पोस्टर पर कॉपी के आरोप
‘आवारापन 2’ ट्रेलर को ओवरऑल ऑडियंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. मगर इसके पोस्टर को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. सोशल मीडिया और फैन फोरम्स पर कई लोगों ने फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर थंबनेल की तुलना ‘Homeland’ के आर्टवर्क से करनी शुरू कर दी. लोगों का कहना है कि दोनों में लीड कैरेक्टर भीड़ के बीच पीछे मुड़कर देखता नजर आता है, जबकि एक अलग रंग पूरे फ्रेम को हाइलाइट करता है. फिलहाल ये बहस ट्रेलर के सीन्स को लेकर नहीं, बल्कि उसके पोस्टर और थंबनेल को लेकर हो रही है.
कब रिलीज होगी आवारापन 2?
साल 2007 में मोहित सूरी के डायरेक्शन में बनी ‘आवारापन’ ने अपने म्यूजिक, इमोशनल कहानी और इमरान हाशमी की दमदार परफॉर्मेंस की वजह से समय के साथ कल्ट फॉलोइंग हासिल की थी. ऐसे में सीक्वल के प्रमोशनल मटेरियल पर भी फैंस की पैनी नजर बनी हुई है. इसमें इमरान हाशमी एक बार शिवम पंडित के किरदार में दिखाई दिए. इस बार फिल्म का डायरेक्शन नितिन कक्कड़ ने किया है और इसे विशेष भट्ट ने विशेष फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी भी हैं. ये फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.




