Miss World 2026: मिस वर्ल्ड 2026 से बाहर हुईं भारत की निकिता पोरवाल, टॉप 20 में नहीं बना पाईं जगह
Miss World 2026: मिस वर्ल्ड 2026 फिनाले चल रहा है. इस बार इंडिया को रिप्रेजेंट करने निकिता पोरवाल पहुंची थीं. लेकिन निकिता कॉम्पिटिशन से आउट हो गई हैं. निकिता टॉप 20 में भी जगह नहीं बना पाई हैं.
Miss World 2026: भारत की निकिता पोरवाल का मिस वर्ल्ड 2026 का सफर खत्म हो गया है. वियतनाम में आयोजित फिनाले में निकिता ने टॉप 40 में जगह बनाई, लेकिन वह टॉप 20 में पहुंचने से चूक गईं. फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 की विजेता निकिता ने मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर निकिता के सफर की जानकारी दी है. संगठन ने बताया कि निकिता ने मिस वर्ल्ड के 73वें संस्करण में टॉप 40 तक पहुंचकर भारत के लिए लगातार पांच संस्करणों में प्लेसमेंट की शानदार लय को जारी रखा.
पोस्ट में निकिता की तारीफ करते हुए लिखा गया कि उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक पर पूरे आत्मविश्वास, गरिमा और दिल से भारत का प्रतिनिधित्व किया. संगठन ने कहा कि निकिता ने हर पल भारत को गर्व महसूस कराया और देश की तरफ से उनका प्रतिनिधित्व हमेशा याद रखा जाएगा.
ये भी पढ़ें: मैं बेरोजगार हूं, कुछ काम दे सकते हैं? जब चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी ने मांगा था डायरेक्टर से काम
मिस वर्ल्ड 2026 में ऐसा था निकिता का अंदाज
टॉप 20 कंटेस्टेंट्स के नामों की घोषणा से पहले निकिता पोरवाल पारंपरिक वियतनामी ड्रेस ‘आओ दाई’ पहनकर स्टेज पर पहुंची थीं.इस ड्रेस के जरिए उन्होंने मेजबान देश वियतनाम की संस्कृति और विरासत को सम्मान दिया. मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने निकिता के इस लुक को सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सम्मान और एकजुटता का खूबसूरत पल बताया.
फिनाले की रात निकिता ने डिजाइनर भावना राव का तैयार किया हुआ गाउन पहना था. इस गाउन में स्कल्प्टेड कॉर्सेट के साथ फूलों की बेहद बारीक कढ़ाई और हाथ से किए गए एंबेलिशमेंट का काम था. गाउन पर बने फूलों ने उनके पूरे लुक को और भी आकर्षक बना दिया. डिजाइनर के मुताबिक, इस गाउन पर हजारों मोतियों और फूलों की बारीक डिटेलिंग की गई थी, जिससे आउटफिट को एक सॉफ्ट और चमकदार लुक मिला. इसके अलावा शीयर एंबेलिश्ड स्लीव्स ने लुक को और निखारा.
View this post on Instagram
गाउन में इटैलियन ट्यूल की कई लेयर्स और मरमेड स्ट्रक्चर का इस्तेमाल किया गया था. इसका हल्का ब्लश कलर भारतीय नारी की खूबसूरती और नजाकत को दिखाता था. भावना राव ने बताया कि इस आउटफिट की असली खूबसूरती भारतीय हाथ की कढ़ाई, बारीक कारीगरी और पारंपरिक शिल्प से जुड़ी थी.
कौन हैं निकिता पोरवाल?
निकिता पोरवाल मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली हैं. उन्होंने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब जीता था. पेजेंट की दुनिया में आने से पहले वह टीवी एंकर के तौर पर काम कर चुकी हैं. निकिता एक्टिंग में भी अपनी पहचान बनाना चाहती हैं. वह ‘चंबल पार’ नाम की ब्रिज भाषा की फिल्म में नजर आ चुकी हैं. इस फिल्म का ऑस्ट्रेलिया के अरालुएन सेंटर में नेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ ऑस्ट्रेलिया के दौरान प्रीमियर हुआ था. यह फिल्म जल्द ही भारत में रिलीज होने वाली है.
इन देशों की कंटेस्टेंट्स पहुंचीं टॉप 20 में
मिस वर्ल्ड 2026 के टॉप 20 में मलेशिया, वियतनाम, ब्राजील, केन्या, दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन और अर्जेंटीना समेत कई देशों की कंटेस्टेंट्स ने जगह बनाई. हालांकि, भारत की निकिता पोरवाल का सफर टॉप 40 तक ही रहा और वह टॉप 20 में अपनी जगह नहीं बना सकीं.




