फिल्मी सितारों के बाद क्रिकेटर्स भी टीवी के मैदान में, गांगुली-रोहित के बाद अब सहवाग बनेंगे होस्ट?
टीवी रियलिटी शोज में अब सिर्फ बॉलीवुड का राज नहीं रहा.सौरव गांगुली और रोहित शर्मा के टीवी डेब्यू के बाद अब वीरेंद्र सहवाग नए रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' को होस्ट करने की तैयारी में हैं.
भारतीय टेलीविजन का प्राइम-टाइम हमेशा से ग्लैमर और सितारों की चकाचौंध से चमकता रहा है. एक दौर था जब अमिताभ बच्चन का ‘केबीसी’ हो, सलमान खान का ‘बिग बॉस’ या फिर शाहरुख खान और आमिर खान के होस्टेड शोज, बड़े पर्दे के ए-लिस्टर्स का ही छोटे पर्दे पर एकछत्र राज माना जाता था. लेकिन अब टीवी इंडस्ट्री की पिच पर एक बहुत बड़ा बदलाव आ चुका है. जिन रियलिटी शोज के लिए पहले बॉलीवुड सितारों की कतार लगती थी, वहां अब भारतीय क्रिकेट के सूरमा कमान संभालते नजर आ रहे हैं. हाल ही में टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग का नाम सबसे आगे आ रहा है. हाई-वोल्टेज सोशल एक्सपेरिमेंट रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को लेकर खबर है कि सहवाग बतौर होस्ट अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. शो में सत्ता, रसूख और बगावत के बीच होने वाले तीखे टास्क और माइंड-गेम्स को सहवाग अपने चिर-परिचित बेबाक और हरियाणवी सेंस ऑफ ह्यूमर से संभालते दिखेंगे.
सहवाग का ये कदम कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि टीवी की दुनिया में क्रिकेटर्स की बढ़ती धमक का अगला पड़ाव है. हाल ही में टीम इंडिया के स्टार कप्तान ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने ‘फैमिली फुल हाउस’ शो के साथ बतौर होस्ट टीवी डेब्यू का ऐलान करके सबको चौंका दिया था. क्रिकेट के मैदान पर अपनी हाजिरजवाबी और चर्चित वन-लाइनर्स के लिए मशहूर रोहित का टीवी पर आना इस बात का सबूत है कि चैनल अब फिल्मी सितारों से आगे सोच रहे हैं. उधर बंगाल के ‘प्रिंस’ सौरव गांगुली सालों तक क्विज शो ‘दादागिरी अनलिमिटेड’ से टीआरपी के झंडे गाड़ने के बाद अब ‘बिग बॉस बांग्ला’ की कमान अपने हाथ में ले चुके हैं. जहां सलमान खान का दबदबा नेशनल टीवी पर है, वहीं रीजनल मार्केट में दादा की एंट्री ने बड़े-बड़े टीवी सितारों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
पुराने धुरंधरों ने बोए थे बीज
क्रिकेट और छोटे पर्दे की जुगलबंदी वैसे कोई नई नहीं है, लेकिन इसका स्वरूप अब पूरी तरह बदल चुका है. 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव और नवजोत सिंह सिद्धू ने 90 और 2000 के दशक में टीवी पर अपनी कॉमिक टाइमिंग और जज की कुर्सी से पहचान बनाई थी. सिद्धू के शेरो-शायरी और लाफ्टर चैलेंजेस ने ये साबित कर दिया था कि क्रिकेटर सिर्फ बल्ला ही नहीं भांजते, वे जनता को घंटों बांधकर भी रख सकते हैं. इसके बाद अजय जडेजा, हरभजन सिंह और इरफान पठान जैसे कई चेहरों ने डांस और कॉमेडी शोज में किस्मत आजमाई.
ये भी पढ़ें- क्रिकेट के बाद अब टीवी पर हिटमैन का जलवा, रोहित शर्मा का नया शो फैमिली फुल हाउस, जानिए कब से होगा शुरू?
फिल्मी सितारों के मुकाबले क्रिकेटर्स पर क्यों दांव लगा रहे मेकर्स?
टीवी नेटवर्क और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स अब बॉलीवुड एक्टर्स के भारी-भरकम नखरों, पीआर इमेज के डर और 100-200 करोड़ की खोखली हवा से ऊब चुके हैं. इसके उलट क्रिकेटर्स के पास ऐसी ऑर्गेनिक और जमीन से जुड़ी फैन फॉलोइंग होती है जो सीधे मध्यमवर्गीय परिवारों से कनेक्ट करती है. सहवाग जैसे खिलाड़ी की यूएसपी उनका ‘बिना फिल्टर’ वाला देसी अंदाज है. जब वो स्क्रीन पर बात करते हैं, तो कोई स्क्रिप्टेड डायलॉगबाजी नहीं लगती. मेकर्स को अब समझ आ चुका है कि रविवार की रात फैमिली ऑडियंस को बांधने के लिए किसी फिल्मी स्टार की बनावटी मुस्कान से कहीं ज्यादा असरदार वीरू की वो ठेठ मुस्कान और बेबाक जुमले साबित हो सकते हैं. मैदान पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले वीरेंद्र सहवाग अब टीवी के ‘राइज एंड फॉल’ में कंटेस्टेंट्स के माइंड गेम्स को कैसे डिकोड करते हैं, इस पर पूरे एंटरटेनमेंट वर्ल्ड की निगाहें टिक गई हैं.




