कंगना रनौत के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान को सोनू सूद ने बताया शर्मनाक, कहा- सोच समझकर बोलना चाहिए
Sonu Sood On Kangana Ranaut: सोनू सूद ने कंगना रनौत के 'जेनरेशन गटर' वाले बयान पर रिएक्ट किया है. उन्होंने कंगना के बयान को शर्मनाक बताया और कहा कि युवा ही एक्टर्स को बनाते हैं. उन्होंने कहा कि इसीलिए कहते हैं कि हमेशा सोच कर बोलना चाहिए.
Sonu Sood On Kangana Ranaut: फिल्म एक्ट्रेस और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत लगातार नीट पेपर मामले में प्रोटेस्ट करने वाले जेन-जी छात्रों पर निशाना साध रही हैं. उन्होंने एक पोस्ट में जेन-जी महिला छात्रों को “जेनरेशन गटर” तक कह दिया था. कंगना के बयान पर काफी विवाद हुआ. इस बीच अभिनेता सोनू सूद ने भी कंगना के जेन-जी महिला प्रदर्शनकारियों को लेकर दिए बयानों पर रिएक्ट किया है. सोनू ने कहा कि अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो ये शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि इसीलिए कहते हैं कि हमेशा सोच समझकर बोलना चाहिए.
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनू सूद से कंगना के बयानों पर सवाल हुआ तो उन्होंने दो टूक कहा, “अगर ऐसा कहा है तो मुझे लगता है कि शर्मनाक बात है, ऐसा नहीं कहना चाहिए. ऐसे ही नहीं बोलते हैं कि तोल मोल के बोल. बहुत जरूरी है कि आप सोच समझकर बोलें, क्योंकि जो जनता है वो ही ईश्वर का दूसरा रूप है.”
“युवा ही आपको एक्टर्स बनाते हैं”
सोनू सूद आगे कहते हैं, “जितने युवा लोग हैं, वही एक्टर्स बनाते हैं. वही आपको इस मुकाम तक पहुंचाते हैं. जब तक वो आपके साथ रहेंगे, तो आप रहेंगे. अगर वो नहीं रहेंगे तो फिर, आप जानते हैं, तकलीफ होगी. इसलिए सबको साथ लेकर चलना चाहिए. आपका प्रोफेशन भले कुछ भी हो. आप एक्टर हैं, डॉक्टर हैं, या कोई भी हैं, जब तक लोग आपके साथ जुड़े हैं. तब तक आपका जो अस्तित्व है, वो इस दुनिया के अंदर मायने रखता है.”
महिला प्रदर्शनकारियों पर कंगना का निशाना
ये मामला तब शुरू हुआ जब कंगना ने जंतर मंतर के प्रोटेस्ट साइट की तस्वीरों पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधा. इसके बाद उन्होंने एक अन्य पोस्ट में महिलाओं को निशाने पर लिया और लिखा, “उन नौजवान हिंदू महिलाओं के लिए सबसे शर्मनाक बात है कि वो उन महिलाओं की नकल करना चाहती हैं जो आजाद करियर वाली हैं. आजाद महिलाएं लीक से अलग हटकर चलती हैं, बागी फैसले लेती हैं और जिम्मेदारियां भी खुद संभालती हैं. वो अपने माता-पिता या परिवार की कीमत पर ऐसा नहीं करती, बल्कि उन्हें ऐसा अपने दम पर करना पड़ता है.”

कंगना का पोस्ट
महिलाओं को बताया ‘जेनरेशन गटर’
वो लिखती हैं, “यहं कुछ तथाकथित पश्चिमी रंग-ढंग वाली भारतीय महिलाएं हैं, जिन्हें मैं ‘जेनरेशन गटर’ (गटर पीढ़ी) कहती हूं. उनमें से कुछ के पास सिस्टम को देने के लिए कुछ भी नहीं. वो पढ़ाई में अच्छी नहीं हैं. पर वो बहुत घटिया और करप्ट हैं, इसलिए वो गृहणियां भी नहीं बन सकती हैं.” इसके बाद उन्होंने पोस्ट में लड़कियों पर ड्रग्स और ड्रिंक फ्लॉन्ट करने का आरोप लगाया है.




