Varun Dhawan Watch Hanuman Ansh: वरुण धवन ने मां के साथ देखी ‘हनुमान अंश’, की तारीफ, गदगद हुए शोभिनव सत्या

Varun Dhawan Watch Hanuman Ansh: वरुण धवन ने मां के साथ देखी ‘हनुमान अंश’, की तारीफ, गदगद हुए शोभिनव सत्या

पिछले कुछ दिनों से फिल्म 'हनुमान अंश' सिनेमाघरों में बंपर कमाई कर रही है. इस बीच अभिनेता वरुण धवन ने मां के साथ फिल्म देखी और जमकर तारीफ की. अब नीम करौली बाबा बने शोभिनव ने रिएक्ट किया है.

Varun Dhawan Watch Hanuman Ansh: करीब 2 करोड़ रुपये के छोटे से बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इस वक्त सिनेमाघरों में इतिहास रच रही है. फिल्म ने 31 दिनों में 122 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर के हर किसी को हैरान कर दिया है. सोशल मीडिया आम दर्शक लगातार फिल्म की तारीफ कर रहे हैं. इस बीच अभिनेता वरुण धवन ने भी एक वीडियो शेयर किया और बताया कि उन्होंने अपनी मां के साथ थिएटर में ये फिल्म देखी. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जारी वीडियो में फिल्म और इसके एक्टर और डायरेक्टर की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि ये सिर्फ फिल्म नहीं बल्कि एक दिव्य एहसास है.

वीडियो में वरुण धवन ने कहा, “नमस्कार. कैसे हैं आप सब लोग. मैं इस वीडियो के जरिए आप सबको बोलना चाहता हूं कि प्लीज जाइए थिएटर और हनुमान अंश देखिए. मैं अभी अपनी मां के साथ गया था. ये एक बेहद शानदार अहसास था. अपने माता-पिता को लेकर जाइए. अपने बच्चों को लेकर जाइए. अपने दोस्तों के साथ जाइए. मैं इस फिल्म को सभी को रीकमेंड कर रहा हूं. किसी ने मुझे ये वीडियो बनाने के लिए बोला नहीं है. किसी का फोन वगैरह नहीं आया है. मैं बस ये करना चाहता था. बचपन से मेरा कनेक्शन रहा है हनुमान जी के साथ, पर ये कुछ और ही है. इसे देखिए, ये बहुत अच्छी बनी हुई फिल्म है. ये सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि दिव्य एहसास है. आप जाकर देखिए और एक्सपीरियंस कीजिए. जय सीता राम.”

ये भी पढ़ें: हनुमान अंश ने रचा इतिहास, एक दिन में बजट से 11 गुना ज्यादा कमाई कर ली, जानें टोटल कलेक्शन

एक्टर और डायरेक्टर की तारीफ की

इस दौरान वरुण ने फिल्म के डायरेक्शन और एक्टिंग की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, “शोभिनव सत्या जी का जिस तरह का डायरेक्शन और अभिनय है, वो फिल्म में शानदार हैं. क्या शानदार परफॉर्मेंस दी है भाई. विशाल (चतुर्वेदी) जी आपने जो डायरेक्शन की है, वो शानदार है.” ये फिल्म नीम करौली बाबा पर बनाई गई है. फिल्म में शोभिनव ने ही नीम करौली बाबा का रोल निभाया है.

शोभिनव सत्या ने जताया आभार

वरुण धवन की ओर से तारीफ मिलने के बाद शोभिनव सत्या ने भी एक वीडियो के जरिए अभिनेता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि आपने हमारी फिल्म देखी और तारीफ की उसके लिए बहुत बहुत धन्यवाद. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में वो कहते हैं, “इससे हमारी फिल्म को और भी बल मिला है. लेकिन हमारे लिए जो सबसे खुशी की बात है, मतलब उसके लिए तो मैं आपको आई लव यू बोलूंगा कि आपने अपनी माता जी को ये फिल्म दिखाई. थैंक्यू सो मच आपने ऐसा किया. क्योंकि हमारी यही अपील थी कि आप लोग अपने से बड़ों को ये फिल्म जरूर दिखाएं…आपने अपनी माता जी को ये फिल्म दिखाकर दिल प्रसन्न कर दिया. शुक्रिया. मैं ये भी कहूंगा कि आपने जो भी कहा वो सच्चे मन से कहा, क्योंकि मैं नहीं जानता, न मेरे आस पास के किसी ने आपसे ये बोला होगा.”

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.

Read More