कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती? Ballot Box इस्तीफा दो, MLC चुनाव रिजल्ट पर अमित शाह का तीखा तंज
गृह मंत्री अमित शाह ने MLC चुनाव रिजल्ट को लेकर कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है. इसे लेकर उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती"0" Ballot Box इस्तीफा दो.
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के लिए हुए चुनावों में, कांग्रेस पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई है. चुनाव के इन नतीजों के बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा तंज कसा. अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती”0″ Ballot Box इस्तीफा दो.
अमित शाह की इस पोस्ट में तस्वीर में एक बैलेट बॉक्स का कार्टून भी है, जो हैरान दिख रहा है. साथ ही उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति की तस्वीर भी शेयर की, जो बिल्कुल राहुल गांधी जैसा दिखता है. इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए पूछा था, “चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे – क्या आप अंदाजा लगा सकते हैं कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?” बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने इन चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है.
कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती”0″
Ballot Box इस्तीफ़ा दो… https://t.co/1gmrxM0GXW
— Amit Shah (@AmitShah) October 28, 2026
कांग्रेस ने पीएम मोदी को दी चुनौती
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पीएम मोदी को चुनौती दी है कि वे भविष्य के सभी लोकसभा और आगामी विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने का वादा करें. X पर एक पोस्ट में, पवन खेड़ा ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी सच में यह मानते हैं कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) चुनाव नतीजों को प्रभावित नहीं करती हैं, तो उन्हें सिर्फ बयानबाजी करने के बजाय ठोस नीतिगत कदम उठाकर इसे साबित करना चाहिए. खेड़ा ने केंद्र सरकार भविष्य के सभी लोकसभा और विधानसभा चुनाव पूरी तरह से बैलेट पेपर के जरिए कराने की मांग की.
MLC चुनाव के साफ नतीजे?
उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में हुए MLC चुनावों की 28 सीटों पर कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई. उत्तर प्रदेश में 11 सीटों में से बीजेपी ने 6 और समाजवादी पार्टी (SP) ने 5 सीटें जीतीं. कर्नाटक में NDA ने सभी 4 सीटें हासिल कीं. महाराष्ट्र में 5 सीटों में से बीजेपी ने 2 और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) ने 2 सीटें जीतीं; एक सीट का नतीजा आना अभी बाकी है. बिहार में बीजेपी ने 2 सीटें जीतीं, जबकि RJD, जन सुराज, एक निर्दलीय उम्मीदवार और JD(U) ने 1-1 सीट जीती. 2 अन्य सीटों पर वोटों की गिनती अभी चल रही है.




