Bigg Boss 20: कॉन्सर्ट मत करना, वरना लोगों के पैसे बर्बाद हो जाएंगे… काजी तौकीर की सिंगिंग पर आम्रपाली दुबे का तंज
'बिग बॉस 20' के घर में भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे ने काजी तौकीर की गायकी पर तीखा तंज कस दिया. आम्रपाली ने मजाक-मजाक में काजी को ऐसा शो न करने की सलाह दी, जिसके लिए दर्शक टिकट खरीदें.
Bigg Boss 20 Highlights: सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में दाखिल हुए कंटेस्टेंट्स के बीच अब धीरे-धीरे दोस्ती और दुश्मनी के समीकरण बनने लगे हैं. 24 घंटे चालू कैमरों के सामने जब अलग-अलग मिजाज के सितारे एक ही छत के नीचे रहते हैं, तो कभी-कभी हंसी-मजाक में कही गई बात भी सीधे दिल पर जा लगती है. ऐसा ही कुछ भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे और साल 2005 के ‘फेम गुरुकुल’ विनर सिंगर काजी तौकीर के बीच देखने को मिला.
शो के पहले दिन से ही काजी तौकीर अक्सर लिविंग एरिया और गार्डन में अपने खास अंदाज में गाने गुनगुनाते और रियाज करते नजर आ रहे हैं. काजी के लिए यह खुद को रिलैक्स रखने और माहौल को हल्का बनाने का जरिया हो सकता है, लेकिन भोजपुरी सिनेमा की स्क्रीन पर राज करने वाली आम्रपाली दुबे को उनका यह सुर-ताल बिल्कुल रास नहीं आया.
लोगों के पैसे बर्बाद मत करवाना
आम्रपाली दुबे ने चेहरे पर हल्की मुस्कान लिए एक ऐसा तीर छोड़ दिया जो सीधे काजी की गायकी पर लगा. उनकी आवाज सुनकर आम्रपाली ने कहा, “तुम जिंदगी में कभी कोई ऐसा शो या कॉन्सर्ट मत करना जिसके लिए लोगों को अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ें, वरना बेचारे दर्शकों के पैसे सीधे बर्बाद हो जाएंगे.”
आम्रपाली का ये तंज भले ही हंसी-मजाक के लहजे में किया गया था, लेकिन इसके पीछे का मतलब साफ था कि उन्हें काजी की गायकी में वो बात नजर नहीं आ रही, जिसके लिए कोई अपनी कमाई लुटाए.
काजी का पलटवार
काजी तौकीर भी रिएलिटी टीवी की दुनिया के कोई कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं. दो दशक पहले जब उन्होंने ‘फेम गुरुकुल’ जीता था, तब भी उनकी गायकी से ज्यादा उनके एटीट्यूड और अनूठे अंदाज के चर्चे थे. आम्रपाली के इस तंज पर काजी ने अपना आपा नहीं खोया. उन्होंने बिल्कुल शांत रहकर एक लाइन में ऐसा जवाब दिया जिसने वहां मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स को भी हैरान कर दिया. काजी ने मुस्कुराते हुए कहा, “आएगा, सबका टाइम आएगा.”
ये भी पढ़ें-
AI और डिजिटल दौर में हनुमान अंश का चमत्कार, फिल्म की कामयाबी के पीछे की साइंस क्या?
सलमान खान के बिग बॉस 20 में कितना दम? जानिए 5 ताकत और पांच कमजोरियां
काजी का यह आत्मविश्वास साफ बता रहा था कि वो किसी भी ताने से बैकफुट पर जाने वालों में से नहीं हैं और सही मौका मिलने पर घर के भीतर अपने हुनर का लोहा मनवाकर रहेंगे. अब देखना यह होगा कि आम्रपाली और काजी के बीच का यह मजाक आने वाले दिनों में किसी बड़े घमासान का रूप लेता है या फिर दोनों के बीच दोस्ती होती है.




