कपिल शर्मा के शो में गूंजे वायुसेना के शौर्य के किस्से, ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की टीम संग IAF जवानों ने लगाए ठहाके

कपिल शर्मा के शो में गूंजे वायुसेना के शौर्य के किस्से, ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की टीम संग IAF जवानों ने लगाए ठहाके

80वें स्वतंत्रता दिवस पर कपिल शर्मा अपने नेटफ्लिक्स शो में एक खास एपिसोड लेकर आ रहे हैं. इस बार कपिल के साथ मिलकर 'ऑपरेशन सफेद सागर' की स्टार कास्ट, वायुसेना के असली हीरो दर्शकों का मनोरंजन करेंगे.

15 अगस्त को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. इस जश्न को और भी खास बनाने के लिए कॉमेडी किंग कपिल शर्मा एक बेहद स्पेशल एपिसोड लेकर आ रहे हैं. ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के इस अपकमिंग एपिसोड में हंसी-मजाक के साथ-साथ देशभक्ति का ऐसा रंग देखने को मिलेगा, जो हर किसी का दिल जीत लेगा. नेटफ्लिक्स ने इस खास एपिसोड का दमदार प्रोमो रिलीज कर दिया है, जिसे फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है.

इस बार कपिल का मंच उनके आम सेट पर नहीं, बल्कि नई दिल्ली के प्रतिष्ठित ‘इंडियन एयरफोर्स ऑडिटोरियम’ में सजा है. शो में नेटफ्लिक्स की नई वॉर-ड्रामा वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की पूरी स्टार कास्ट शामिल हुई है. मंच पर सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्नव भसीन और अमृता बागची जैसे कई सितारे नजर आ रहे हैं. लेकिन इस एपिसोड की असली जान वो हैं, जिन्होंने सरहदों पर देश की रक्षा की है.जी हां, इस शो में वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह और पूर्व एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ (रिटायर्ड) के साथ-साथ कारगिल युद्ध के असली हीरो और उनके परिवार वाले भी कपिल के साथ ठहाके लगाते नजर आ रहे हैं.

कपिल का सुरीला अंदाज

प्रोमो की शुरुआत कपिल शर्मा की सुरीली आवाज से होती है, जहां वह मोहम्मद अजीज का सुपरहिट देशभक्ति गीत “ऐ वतन तेरे लिए” गाते नजर आते हैं. इसके बाद शुरू होता है कपिल का मजेदार इंटरेक्शन. कपिल वहां बैठे वायुसेना के अधिकारियों और जवानों से एक ऐसा सवाल पूछते हैं कि पूरा ऑडिटोरियम हंसी से गूंज उठता है. कपिल बड़े ही मजाकिया अंदाज में पूछते हैं, “आप में से अपनी पत्नी से कौन नहीं डरता?” इसके बाद वहां बैठे जवानों के मजेदार रिएक्शंस और कपिल के हाजिरजवाबी भरे पंच माहौल को पूरी तरह से खुशनुमा बना देते हैं.