MLC Election full result: एमएलसी चुनाव में NDA और इंडिया गठबंधन को 28 में से कितनी-कितनी सीटें मिलीं?

MLC Election full result: एमएलसी चुनाव में NDA और इंडिया गठबंधन को 28 में से कितनी-कितनी सीटें मिलीं?

उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के लिए चुनाव हुए. अब तक के नतीजों के अनुसार, कर्नाटक को छोड़कर, बाकी 3 राज्यों में NDA और गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला रहा.

उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) की कुल 28 सीटों के लिए चुनाव हुए. अब तक के नतीजों और रुझानों के अनुसार, देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और वह एक भी सीट नहीं जीत पाई है. कांग्रेस कर्नाटक में सत्तारूढ़ होने के बाद भी चारों सीटों पर चुनाव हार गई. हालांकि, इंडिया गठबंधन सहयोगियों ने अपने-अपने राज्यों में जरूर जीत हासिल की है.

इंडिया गठबंधन को यूपी में राहत

कर्नाटक में करारी हार के बाद इंडिया गठबंधन को उत्तर प्रदेश में कुछ राहत मिली है, जहां कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है. यहां 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों को विजेता घोषित किया गया है. इनमें से 6 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि समाजवादी पार्टी 4 सीटें जीतने में सफल रही. वहीं, वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर वोटों की गिनती अभी भी चल रही है.

चुनाव में सबसे बड़े अंतर की जीत इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मानसिंह यादव के नाम रही. उन्होंने भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों से हराया. वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी ने निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को महज 307 मतों से शिकस्त दी. लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार कांति सिंह ने जीत दर्ज की. कांति सिंह को 56905 वोट मिले, जबकि बीजेपी के अवनीश कुमार सिंह को 39778 वोट हासिल हुए.

भाजपा के उमेश द्विवेदी ने लखनऊ शिक्षक, डॉ. हरी सिंह ढिल्लो ने बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, दिनेश कुमार गोयल ने मेरठ स्नातक, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने आगरा स्नातक और श्रीचंद शर्मा ने मेरठ शिक्षक सीट पर जीत दर्ज की. सपा के लाल बिहारी यादव ने वाराणसी शिक्षक, डॉ. आकाश अग्रवाल ने आगरा शिक्षक और डा. मानसिंह यादव ने इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर जीत हासिल की. वाराणसी स्नातक सीट पर उम्मीदवारों के बीच मतगणना जारी थी.

कर्नाटक में कांग्रेस की करारी हार

कर्नाटक विधान परिषद (MLC) चुनावों में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जहां BJP-JDS (NDA) गठबंधन ने सभी चार सीटों पर जीत हासिल की है. यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल (सेक्युलर) (JDS) वाले NDA गठबंधन ने विधान परिषद की सभी चार सीटों पर क्लीन स्वीप किया है, जबकि कांग्रेस पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई. ये चुनाव दो स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए थे.

बिहार में भी NDA का दबदबा, जनसुराज का खुला खाता

बिहार विधान परिषद चुनावों में सभी 8 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. इनमें NDA का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है. NDA के भीतर, BJP ने 3 सीटें जीतीं, जबकि JD(U) को 1 सीट मिली. इंडिया गठबंधन केवल 1 सीट ही जीत पाया, जो RJD के खाते में गई. इसके अलावा, जन सुराज ने 1 सीट जीती और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2 सीटों पर जीत हासिल की. सबसे बड़ी जीत कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में देखने को मिली, जहां BJP के डॉ. एन.के. यादव ने RJD उम्मीदवार को 10,026 वोटों के बड़े अंतर से हराया.

नतीजों में कई उलटफेर देखने को मिले, खास तौर पर पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में, RJD ने BJP के एक पुराने और दिग्गज नेता को हराकर बड़ी जीत हासिल की. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में, RJD के डॉ. संजीव कुमार ने BJP के नवल किशोर यादव को हराया. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में JD(U) के नीरज कुमार विजयी रहे. तिरहुत शिक्षक सीट पर BJP के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की, जबकि जन सुराज पार्टी के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की. ​​यह विधान परिषद में जन सुराज पार्टी की पहली जीत है.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत हासिल की. ​​स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में, कोसी सीट से BJP के डॉ. एन.के. यादव ने जीत की हैट्रिक लगाई. दरभंगा स्नातक सीट पर BJP के सर्वेश कुमार जीते, और तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी विजयी रहे.

महाराष्ट्र में NDA और इंडिया ब्लॉक का कड़ा मुकाबला

महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनावों के ताजा नतीजों के अनुसार, 5 सीटों पर महायुति यानी एनडीए (BJP-शिवसेना शिंदे गुट) और महा विकास अघाड़ी (MVA) यानी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से BJP के कौस्तुभ गावड़े ने सचिन सानप को हराकर जीत हासिल की. पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NCP (शरद पवार गुट) की हर्षदा जाधव देशमुख ने जीत दर्ज की है. अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना (शिंदे गुट) के किरण सरनाइक ने जीत हासिल की है. नागपुर स्नातक चुनावों में एक बड़ा उलटफेर हुआ है, कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने जीत हासिल की है. महाविकास अघाड़ी ने अब तक पांच में से तीन सीटें जीत ली हैं. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NCP (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार प्रतापसिंह पाटिल फिलहाल आगे चल रहे हैं.

मोहम्मद जुनेद अख्तर
मोहम्मद जुनेद अख्तर

मोहम्मद जुनेद अख्तर करीब 12 साल से मीडिया में काम कर रहे हैं. करियर की शुरुआत साल 2013 में 'अमर उजाला' गाजियाबाद से की थी. यहां इन्होंने करीब एक साल तक रेलवे, कलेक्ट्रेट और आरडब्ल्यूए जैसी बीट पर काम किया. फरवरी 2014 में नवोदय टाइम्स अखबार से जुड़ गए और गाजियाबाद में ही रेलवे, स्पोर्ट्स और एजुकेशन की बीट कवर की. करीब एक साल बाद 2015 में गाजियाबाद से दिल्ली ट्रांसफर हो गया. दिल्ली में अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ जंतर-मंतर पर कई बड़े धरने-प्रदर्शन कवर किए. अगस्त 2016 में दिल्ली से नोएडा ट्रांसफर हो गया. नोएडा में क्राइम बीट पर लगातार करीब तीन साल काम किया. इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के दौरान क्राइम के अलावा गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण और दूसरी बीट भी कवर करने का मौका मिला. 2024 में ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. इस दौरान 'उत्तर प्रदेश टाइम्स' की नोएडा डिजिटल साइट ट्राइसिटी टुडे में भी काम किया. जनवरी 2025 में न्यूज 24 डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. यहां जुनेद अख्तर ने बतौर सब एडिटर काम किया और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर काम किया. सितम्बर 2025 से TV9 भारतवर्ष की वेबसाइट में सीनियर सब एडिटर के तौर पर जुड़े.

Read More