नोएडा में ‘लुटेरों का गैंग’ पकड़ा गया, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल; लिफ्ट के बहाने करते थे कांड

नोएडा में ‘लुटेरों का गैंग’ पकड़ा गया, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल; लिफ्ट के बहाने करते थे कांड

Noida Police Encounter: नोएडा में पकड़े गए अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है. पुलिस के अनुसार, विकास के खिलाफ 22, राजेश के खिलाफ 18 और शंकर के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज हैं.

Noida Crime News: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए. वहीं, उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी लिफ्ट देने के बहाने लोगों को अपनी गाड़ी में बैठाते थे और फिर सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूटपाट करते थे. आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.

पुलिस के मुताबिक, बीती रात सेक्टर-63 थाना पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक वहां से गुजरते दिखाई दिए. पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे.

पुलिस ने उनका पीछा किया. बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाशों ने खुद को घिरता देखा तो पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई.

विकास और राजेश के पैर में लगी गोली

घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. इनके कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है. पुलिस इस मामले में भी आगे की जांच कर रही है.

कॉम्बिंग के दौरान दो अन्य साथी गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया. इस दौरान बदमाशों के दो अन्य साथियों शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया. इनके कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है. पुलिस के मुताबिक, यह मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है.

लिफ्ट देने के बहाने करते थे लूटपाट

पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं. वे आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे. इसके बाद उन्हें सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूटपाट करते और वहीं छोड़कर फरार हो जाते थे.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विकास पर 22, राजेश पर 18 और शंकर पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इन मामलों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े केस शामिल हैं. पुलिस अब चारों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है.

विवेक शर्मा
विवेक शर्मा

विवेक शर्मा उत्तर प्रदेश के झांसी से टीवी9 भारतवर्ष के रिपोर्टर हैं. कहते हैं कि बनारस में जन्म लेने वाले के मिजाज़ में एक अलग ही अल्हड़पन, बेबाकी और अलमस्ती होती है. इसी मिट्टी की तासीर लेकर साल 2002 में विवेक शर्मा ने पत्रकारिता की दुनिया में दिल्ली में कदम रखा. विवेक की पत्रकारिता की शुरुआत हुई जैन टीवी (Jain TV), दिल्ली से, जहां कैमरे की बारीकियों और खबरों की रफ्तार को समझा. जैन टीवी में काम करते-करते मौका मिला देश के नंबर-1 चैनल आजतक (Aaj Tak) से जुड़ने का. 'आजतक' के साथ एक लंबा और शानदार कार्यकाल बीता. विवेक को दो दशक (20 साल) से ज्यादा का अनुभव है. आजतक चैनल के बाद अपने करियर को कुछ समय के लिए विराम देकर उन्होंने फिर से एक नई पारी की शुरुआत की. वर्तमान में TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में ज़मीनी स्तर पर काम करते हुए उनका एकमात्र मकसद जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाना है. चमक-दमक वाली खबरों से दूर, बुंदेलखंड की जनता के मुद्दे, उनकी परेशानियां और प्रशासन तक उनकी आवाज़ पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है.

Read More