पुणे: 6 साल के बेटे का पकड़ा हाथ, फिर 18वीं मंजिल से कूद गई मां; गैलरी में मिले जूते-चप्पल
पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सिग्नेचर पार्क सोसाइटी में 33 वर्षीय महिला और उसके छह वर्षीय बेटे की 18वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई.
Pune News: महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. पिंपरी-चिंचवड़ के थेरगांव-वाकड इलाके में स्थित हाई-प्रोफाइल सिग्नेचर पार्क सोसायटी में एक 33 साल की महिला और उसके छह साल के बेटे की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला अपने बेटे को लेकर इमारत की 18वीं मंजिल पर पहुंची थी. घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है. इस घटना के बाद पूरी सोसायटी में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.
मृतकों की पहचान 33 साल की एकता भांगड और उनके छह साल के बेटे माधव भांगड के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, एकता अपने पति मनोज भांगड और बेटे के साथ पिछले कुछ वर्षों से सिग्नेचर पार्क सोसायटी में रह रही थीं. उनका परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है. बताया गया है कि परिवार पिछले दो वर्षों से सोसायटी की सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रहा था.
महिला ने बच्चे के साथ किया सुसाइड
एकता के पति मनोज भांगड यरवदा स्थित एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं. शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह रोजाना की तरह अपने ऑफिस चले गए थे. उस समय घर पर एकता और उनका बेटा माधव मौजूद थे. शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक सोसायटी के डक्ट की तरफ से तेज आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला और बच्चा नीचे पड़े मिले. इसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही वाकड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया. पुलिस ने मामले की जांच के लिए सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली. फुटेज में एकता अपने बेटे माधव के साथ लिफ्ट से 18वीं मंजिल पर जाती दिखाई दे रही हैं.
18वीं मंजिल से कूदे
जांच के दौरान 18वीं मंजिल की गैलरी में रेलिंग के पास मां-बेटे के जूते-चप्पल भी मिले हैं. इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस पारिवारिक माहौल समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है.




