Rajpal Yadav Property Auction: राजपाल यादव की प्रॉपर्टी नीलाम होगी, 16 करोड़ का लोन नहीं चुकाने पर बैंक ने चिपकाया नोटिस
राजपाल यादव मुश्किलों में घिरते दिखाई दे रहे हैं. करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपये बकाया नहीं चुकाने के मामले में सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुंबई ब्रांड ने एक्टर की दो प्रॉपर्टी पर नीलामी का नोटिस चिपका
Rajpal Yadav Property Auction: फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. लंबे वक्त से चेक बाउंस मामले में फंसे राजपाल अब एक नई मुसीबत में घिरते दिखाई दे रहे हैं. राजपाल के शाहजहांपुर की दो प्रॉपर्टी नीलाम की जाएगी. इसके लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुंबई ब्रांच की ओर से प्रॉपर्टी पर नोटिस चिपका दिया गया है. ये मामला बैंक से लोन लेकर नहीं लौटाने से जुड़ा है.
लोन वसूली के लिए बैंक ने राजपाल यादव की दो प्रॉपर्टी पर ये नोटिस चिपकाया है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक राजपाल यादव पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुंबई ब्रांच का 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये बकाया है. इसके लिए बैंक ने राजपाल की दो प्रॉपर्टी की नीलामी का नोटिस दिया है. इनमें से एक प्रॉपर्टी शहर में है, जबकि एक शाहजहांपुर के गांव में है.
गांव जाकर बैंक अधिकारियों ने चिपकाया नोटिस
बैंक के रिकवरी अधिकारी नीलामी का नोटिस देने के लिए शाहजहांपुर पहुंचे और दोनों प्रॉपर्टी पर नियमों के मुताबिक नोटिस चस्पा किया. बताया जा रहा है कि जिन दो प्रॉपर्टीज़ को बैंक ने नीलाम करने की बात कही है उसकी कीमत करीब 3 करोड़ 19 लाख रुपये है. प्रॉपर्टीज की नीलामी की प्रक्रिया 9 सितंबर को ऑनलाइन शुरू होगी. शाहजहांपुर की इन दो प्रॉपर्टीज के अलावा मुंबई की कुछ प्रॉपर्टीज के खिलाफ भी बैंक एक्शन लेने की तैयारी में है.
फिल्म बनाने के लिए बैंक से लिया था लोन
बताया जा रहा है कि राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए बैंक से लोन लिया था. पर ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी और राजपाल का बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा था. इसी फिल्म के मामले में राजपाल चेक बाउंस केस में भी फंसे हुए हैं, जिसमें उन्हें जेल तक जाना पड़ा था.
राजपाल ने लोन लेते वक्त पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की प्रॉपर्टीज को गारंटर के तौर पर शामिल किया था. बैंक के नोटिस से साफ है कि अगर राजपाल ने सही समय पर बैंक को पैसे नहीं लौटाए तो उनकी इन प्रॉपर्टीज़ को नीलाम किया जा सकता है. इस मामले में अब तक राजपाल यादव की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है.




