कलयुगी बेटे की शर्मनाक करतूत, बुजुर्ग पिता को सड़क पर पीटा; गला घोंटने की भी की कोशिश

कलयुगी बेटे की शर्मनाक करतूत, बुजुर्ग पिता को सड़क पर पीटा; गला घोंटने की भी की कोशिश

सहारनपुर में एक बेटे द्वारा अपने बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना CCTV में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

जिस पिता ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया, हर मुश्किल में अपने बेटे का सहारा बना, आज उसी पिता को अपने ही बेटे के हाथों जलालत झेलना पड़ रहा है. रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली यह तस्वीर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सामने आई है. यहां बीच सड़क एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता को बुरी तरह पीटा. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मामला सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमऊ का है. यहां एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट कर दी. पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बुजुर्ग हाजी तहसीन के साथ उनके बेटे गुलफिशान ने बीच सड़क थप्पड़ मारते हुए कथित रूप से गला घोंटने की कोशिश की. घटना सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और सोशल मीडिया पर सहारनपुर पुलिस को टैग करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई.

जानकारी के अनुसार, किसी घरेलू विवाद के चलते बेटे ने अपने पिता के साथ यह घटना की. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना ने क्षेत्र में लोगों को झकझोर दिया है और बुजुर्गों के प्रति बढ़ते दुर्व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

SHO कुतुबशेर संतोष त्यागी ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे गुलफिशान को हिरासत में ले लिया है. परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है.

विकास कपिल
विकास कपिल

विकास कपिल पंडित पिछले 12 वर्षों से हिंदी भाषी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. विकास कपिल की राजनीतिक, अपराध और सामाजिक खबरों पर अच्छी पकड़ है. विभिन्न संस्थानों में रहते हुए कई बार उनके काम का असर भी देखने को मिला. न्यूज नेशन, न्यूज स्टेट, भास्कर टीवी, महुआ टीवी, NNIS न्यूज एजेंसी, भारत एक्सप्रेस जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में कार्य कर चुके विकास कपिल लंबे समय तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News Nation, News State UP/UK चैनल में लंबे समय तक काम करने के बाद विकास कपिल ने भारत एक्सप्रेस चैनल में भी काम किया और कुछ समय वहां काम करने के बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की तरफ रुख किया. वर्तमान में वो टीवी9 नेटवर्क का हिस्सा हैं. विकास कपिल पंडित ने CCS यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. घूमना, रिपोर्टिंग और खुद कुकिंग करना उनका शौंक है.

Read More