INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर दिल्ली में अलर्ट, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी; बंद रहेंगे ये रास्ते

INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर दिल्ली में अलर्ट, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी; बंद रहेंगे ये रास्ते

दिल्ली में INDIA गठबंधन की आज होने वाली रैली के कारण यातायात प्रभावित रहेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रामलीला मैदान के आसपास के कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है.

Delhi traffic advisory:दिल्ली में आज होने वाली INDIA गठबंधन की रैली (INDIA alliance rally) के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है. रामलीला मैदान (Ramleela Maidan) में आयोजित होने वाली इस रैली के कारण मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आज को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा. ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को अपने रास्तों की जानकारी रखने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, INDIA गठबंधन की रैली (INDIA alliance rally) के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट लालबत्ती, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर यातायात को जरूरत के अनुसार दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा.

इन रास्तों से बचकर निकलें

पुलिस ने बताया कि आईटीओ से दिल्ली गेट के बीच बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट से अजमेरी गेट के बीच जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, देशबंधु गुप्ता रोड और बाराखंभा रोड पर भारी जाम लग सकता है. इसके अलावा कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने की संभावना है. रैली के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मध्य रेंज में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. पुलिसकर्मी गाड़ियों को नियंत्रित करने, पार्किंग स्थलों तक पहुंचने में लोगों की मदद करने और जाम की स्थिति से निपटने का काम करेंगे.

वहीं, लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के पास इमरजेंसी वाहनों के लिए अलग रास्ता बनाया जाएगा, ताकि मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही प्रभावित न हो. रैली में शामिल होने वाले लोगों के लिए रेलवे पार्किंग क्षेत्र, डीएमआरसी के पार्किंग स्थलों और राजघाट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों से अपील

ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी है. डीबीजी रोड की तरफ से आने वाले यात्री चेल्म्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्रियों को आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग से स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है.

गौरतलब है कि INDIA गठबंधन ने वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के मुद्दे पर रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई है. गठबंधन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है. इसके अलावा दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More