झारखंड के खदान में हादसा, कोयला धंसने से 7 लोग दबे… 3 महिलाओं की मौत

झारखंड के खदान में हादसा, कोयला धंसने से 7 लोग दबे… 3 महिलाओं की मौत

झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो स्थित सीसीएल कथारा कोलियरी में कोयला चुनने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. अचानक कोयले का ढेर धंसने से सात लोग मलबे में दब गए। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई.

Bokaro Coal Mine Accident: झारखंड में बोकारो में एक भीषण हादसे ने तीन महिलाओं की जान ले ली. जिले के बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के सीसीएल कथारा कोलियरी में कोयला चुनने के दौरान कोयला धंस गया और सात लोग दब गए, जिसमें से तीन महिलाएं काल के गाल में समा गईं. मृत महिलाओं की पहचान पुष्पा देवी, पति गल्लू रजवार, कौशल्या देवी, पति विश्वनाथ यादव उर्फ मुंडला यादव, और सहोदरी देवी, पति हीरालाल यादव के रूप में हुई है.

तीनों महिलाएं कथारा ओपी थाना क्षेत्र के ही बस्ती की रहने वाली थीं. वहीं इस हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, स्थानीय महिलाएं घर के जलावन के लिए कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड में कोयला चुनने गईं थीं. इसी दौरान एकाएक कोयले के भर भराकर गिरने के कारण मलबे में कुल 7 लोग दब गए.

हादसे का शिकार हुए लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं

पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और और सहोदरी देवी की जान चली गई. बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सातों लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं थे. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है. हादसे को लेकर सीसीएल कथारा कोलियरी प्रबंधन के साथ-साथ बेरमो अनुमंडल क्षेत्र की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है.

इससे पहले भी हो चुका है हादसा

उन्होंने कहा कि पता लगाया जाएगा कि आखिर किस हालात में ऐसी घटना हुई. स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं. बता दें कि बोकारो जिले की कथारा कोलावरी की घटना से पहले जुलाई 2025 में रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत में सीसीएल की करमा परियोजना की खुली खदान में अवैध कोयला खनन के दौरान चाल धंसने से हुए हादसे में चार ग्रामीणों की मौत हुई थी, जबकि लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए थे.

ये भी पढ़ें:धनबाद के इस इलाके में 450 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर, क्या है नगर निगम का मेगाप्लान?

अशोक कुमार
अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More