Darbhanga News: दिवाली की रात रिश्ते का कत्ल, घर में घुसकर चचेरे भाई को मारी गोली; मौके पर मौत
दरभंगा में दीपावली की रात एक चचेरे भाई ने पुरानी रंजिश के चलते अपने रिश्तेदार शशिकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी. बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में हुई इस वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया.
बिहार के दरभंगा में दीपावली की रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक चचेरे भाई ने अपने ही रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या कर दी. रविवार देर रात कुमुद ठाकुर ने 55 वर्षीय शशिकांत ठाकुर के घर में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. सीने में गोली लगने से शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने गांव में अपने पांच से छह रिश्तेदारों के घरों के दरवाजे खटखटाए, लेकिन डर के कारण किसी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद वह शशिकांत ठाकुर के घर पहुंचा. उस समय घर का मुख्य दरवाजा खुला था और शशिकांत आंगन में बैठे थे. इसी दौरान आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं.
घर में घुसकर मारी गोली
हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा. बताया जा रहा है कि करीब दो किलोमीटर दूर बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में उसकी बाइक एक व्यक्ति से टकरा गई. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद बांध दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल, खोखा और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी सुरक्षा पोशाक, हेलमेट और ग्लव्स भी मिले हैं. परिजनों और ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी के निशाने पर पांच से छह अन्य लोग भी थे. पुलिस इस दावे की जांच कर रही है.
पांच साल पुरानी रंजिश का आरोप
परिजनों के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब पांच साल पुरानी रंजिश है. आरोप है कि कुमुद ठाकुर पिछले एक साल से शशिकांत को जान से मारने की धमकी दे रहा था. करीब चार महीने पहले खेत में पिस्टल दिखाकर भी धमकाया था. इसके बाद शशिकांत ने बिरौल थाने में आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया था.
पहले की शिकायत पर कार्रवाई की जांच
बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि हत्या की धमकी को लेकर पहले भी थाने में आवेदन दिया गया था. उस पर क्या कार्रवाई हुई थी, इसकी जांच कराई जा रही है. यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी. दीपावली के त्योहार के बीच हुई इस हत्या से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं. अब पुलिस हत्या के पीछे की रंजिश, बरामद हथियारों के स्रोत और पहले दी गई शिकायत पर हुई कार्रवाई की जांच कर रही है.




