दिल्ली में आज से यमुना की लहरों पर दौड़ेगा क्रूज, सोनिया विहार से जगतपुर तक होगा सफर

दिल्ली में आज से यमुना की लहरों पर दौड़ेगा क्रूज, सोनिया विहार से जगतपुर तक होगा सफर

दिल्ली में अब यमुना नदी पर रिक्रिएशनल रिवर क्रूज सेवा शुरू हो रही है. 10 नवंबर यानी आज से सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलने वाली यह सेवा दिल्ली के पर्यटन को नया आयाम देगी.

दिल्ली में यमुना नदी के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई शुरुआत होने जा रही है. मंगलवार, यानी आज 10 नवंबर से दिल्ली में पहली रिक्रिएशनल रिवर क्रूज सेवा शुरू होगी. इसके साथ ही दिल्लीवासियों और राजधानी घूमने आने वाले पर्यटकों को यमुना में क्रूज की सैर करने का नया विकल्प मिलेगा. क्रूज का संचालन सोनिया विहार से जगतपुर के बीच किया जाएगा.

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मंगलवार को सोनिया विहार में इस सेवा का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी. इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और कपिल मिश्रा तथा उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्रूज सेवा की औपचारिक शुरुआत होगी.

क्रूज से सफर के दौरान क्या-क्या मिलेगा?

इस परियोजना का उद्देश्य यमुना नदी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करना है. सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज के सफर के दौरान यात्री नदी के बीच से दिल्ली के नजारे देख सकेंगे. राजधानी में मनोरंजन और पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 यानी नेशनल वाटरवे-110 घोषित किया गया है. इसी के तहत इस रूट पर क्रूज सेवा विकसित की गई है. पिछले महीने क्रूज का ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया गया था. अब उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों और पर्यटकों के लिए शुरू करने की तैयारी है.

इलेक्ट्रिक क्रूज जहाजों का होगा इस्तेमाल

इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) विकसित कर रहा है. इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सहयोग कर रहे हैं. इस सेवा की खासियत यह है कि इसमें इलेक्ट्रिक क्रूज जहाजों का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने की उम्मीद है. परियोजना के शुरू होने से यमुना को दिल्ली के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सकती है. अब देखना होगा कि राजधानी के लोग और पर्यटक इस नई क्रूज सेवा को कितना पसंद करते हैं.

जीतेन्द्र भाटी
जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More