गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में रहस्यमयी ब्लास्ट, डिलीवरी बॉय और दरोगा घायल

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में रहस्यमयी ब्लास्ट, डिलीवरी बॉय और दरोगा घायल

Vasundhara Police Outpost Explosion: गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में संदिग्ध धमाका, सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय घायल. ACP सूर्यबलि मौर्य ने जांच की बात कही.

Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर कल रात करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक तेज धमाका हुआ. इस विस्फोट की गूंज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पुलिस चौकी की खिड़कियां, दरवाजे और एसी (AC) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस हादसे में चौकी में मौजूद एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) और खाना डिलीवर करने पहुंचा 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

घटना के समय चौकी में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर और खाना डिलीवर करने आया 20 साल का विशाल मौजूद थे. अचानक हुए धमाके से खिड़कियों और दरवाजों के कांच टूटकर बिखर गए. शीशे के तेज टुकड़े लगने से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

जांच के बाद ही साफ होगा कारण: ACP सूर्यबलि मौर्य

इंदिरापुरम के एसीपी (ACP) सूर्यबलि मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चौकी के भीतर अचानक विस्फोट हुआ है. धमाका किस वस्तु या संदिग्ध सामग्री के कारण हुआ, इसका सटीक कारण विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. घटना के तुरंत बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और संबंधित जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने (सैंपल) एकत्र किए हैं ताकि ब्लास्ट की प्रकृति का पता लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें: पत्नी को गंदे इशारे कर रहा था देखते ही पति ने पड़ोसी को मार डाला, फिर नदी में फेंकी लाश

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आला अधिकारियों ने लिया जायजा

पुलिस चौकी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके के समय कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई थी. पुलिस चौकी के अंदर हुए इस रहस्यमयी ब्लास्ट के बाद गाजियाबाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है.

तन्वी गुप्ता
तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.

Read More