जमशेदपुर में सनसनी… मां ने 3 नाबालिग बेटियों संग खाया जहर, इस वजह से थी परेशान
Mother Suicide Attempt With 3 Daughters: जमशेदपुर में पारिवारिक कलह से परेशान महिला ने 3 बेटियों संग खाया जहर. समाजसेवी ने MGM अस्पताल पहुंचाया. चारों की स्थिति स्थिर.
Jamshedpur News: खबर झारखंड के जमशेदपुर से है. यहां मानगो स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पारिवारिक विवाद से तंग आकर पिंकी कुमारी नामक महिला ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ कथित तौर पर जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की. गनीमत ये रही कि समय रहते सूचना मिलने पर स्थानीय समाजसेवी ने तत्परता दिखाई और चारों को तत्काल महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की समय पर मिली देखरेख के बाद फिलहाल चारों की हालत खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है.
उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर पांच की रहने वाली पिंकी कुमारी का परिवार लंबे समय से घरेलू कलह से जूझ रहा था. मंगलवार देर रात महिला ने अपनी तीनों बेटियों को जहर दिया और खुद भी निगल लिया. घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी विकास सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना समय गंवाए एम्बुलेंस/वाहन की व्यवस्था कर चारों को एमजीएम अस्पताल में इमरजेंसी में दाखिल कराया, जिससे उनकी जान बच सकी.
पति नालंदा में करते हैं खेती, भाइयों के साथ रहती है महिला
समाजसेवी विकास सिंह के अनुसार, पिंकी कुमारी के पति बिहार के नालंदा स्थित अपने पैतृक गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करते हैं. महिला जमशेदपुर में अपने दो भाइयों के साथ रह रही थी. परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक घर में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था. इसी मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से तंग आकर महिला ने अपनी तीनों मासूम बच्चियों के साथ यह आत्मघाती कदम उठाया.
ये भी पढ़ें: जहरीली शराब कांड, सागर से ट्रांसफर और अब इस्तीफा कौन हैं IPS अनुराग सुजानिया, जिनकी हो रही खूब चर्चा?
पुलिस जांच में जुटी, उलीडीह ओपी प्रभारी का आया बयान
उलीडीह ओपी प्रभारी सारी अली ने बताया कि पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. प्राथमिक उपचार के बाद महिला और उसकी तीनों बेटियों की स्थिति ठीक है. ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है. पुलिस महिला और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है.
(जमशेदपुर से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)



