रजनीकांत लिख रहे आत्मकथा, अपनी लाइफ पर फिल्म बनाने की भी तैयारी? आया ये अपडेट
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत के फैन पूरे देशभर में हैं. जानकारी सामने आई है कि वो अपनी आत्मकथा लिख रहे हैं. इस किताब पर वो फिल्म बनाने की तैयारी भी कर रहे हैं. यानी उनकी जिंदगी के अनछुए पहलू बड़े पर्दे पर उतारे जा सकते हैं.
रजनीकांत एक ऐसे अभिनेता हैं जिन्होंने हिंदी फिल्मों में भी खूब नाम कमाया है और एक्शन हीरो के रूप में अपनी छवि बनाई है. उनकी फिल्में रिलीज होते ही ऑडियंस में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिलती है. सोचिए अगर उनकी आत्मकथा बड़े पर्दे पर आएगी तो इसे लेकर फैंस में कितना क्रेज होगा. फिलहाल जानकारी तो यही सामने आ रही है कि सुपरस्टार अपनी इस आत्मकथा पर फिल्म बनाने पर विचार कर रहे हैं.
रजनीकांत को अब तक सभी ने जबरदस्त एक्शन करते पर्दे पर देखा है, लेकिन असल जिंदगी में वो बेहद सिंपल इंसान हैं. दरअसल कई बार उनकी सोशल मीडिया पर कुछ क्लिप्स वायरल हुई हैं जिसमें वो बहुत ही सादगी भरे अंदाज में दिखाई देते हैं. ऐसे में उनकी आत्मकथा पर फिल्म बनना फैंस के लिए किसी स्पेशल ट्रीट से कम नहीं होगा.
अपनी आत्मकथा लिख रहे रजनीकांत
मूवीज़ सिंगापुर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रजनीकांत इस वक्त अपनी ऑटोबायोग्राफी लिख रहे हैं. इस किताब में उनकी लाइफ और प्रोफेशनल जर्नी के बारे में विस्तार से जानकारी होगी, जिसमें रजनीकांत की जिंदगी की दिलचस्प घटनाओं से लेकर भावनात्मक अनुभव और यादगार पलों के साथ ही भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक के रूप में उनकी पहचान बनी, इस जर्नी को बताया जाएगा.
किताब की बनेगी फिल्म
इस रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि सुपरस्टार रजनीकांत अपने सबसे करीबी सहयोगियों के साथ मिलकर अपनी आत्मकथा को फिल्म में बदलने पर चर्चा कर रहे हैं. हालांकि इस तरह का कोई भी ऑफिशियल अनाउंसमेंट रजनीकांत या उनकी टीम की तरफ से नहीं किया गया है.
‘जेलर 2’ में नजर आएंगे रजनीकांत
रजनीकांत के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो ‘जेलर 2’ में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म को नेल्सन दिलीप कुमार ने निर्देशित किया है. मूवी में विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु से लेकर राम्या कृष्णन, मिर्ना, योगी बाबू जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं. बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन भी इस मूवी में कैमियो करते नजर आ सकते हैं. इसके अलावा मोहनलाल, विजय सेतुपति और शिव राजकुमार के भी कैमियो करने की चर्चा है. ये फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
पाइपलाइन में है ये फिल्म
‘जेलर 2’ के बाद, सुपरस्टार रजनीकांत ‘धर्मन फिल्म’ में लीड रोल प्ले करते हुए दिखाई देंगे. ये एक एक्शन थ्रिलर होगी, जिसे अश्वथ मरिमुथु द्वारा निर्देशित किया गया है. फिल्म में रजनीकांत डॉक्टर की भूमिका में हैं. उम्मीद है कि ये फिल्म 2027 में बड़े पर्दे पर आ सकती है.
ये भी पढ़ें: गोद लिए गए थे राजेश खन्नासच्चाई जान लगा था सदमा; अनीता आडवाणी ने बताया क्यों उठ गया था सबसे विश्वास




