Bigg Boss 20 Episode 7: कैप्टन बने हो, कोई बादशाह नहीं मेल वॉशरूम पर भिड़े यंग और कनिका, राशन पर काजी का नया ड्रामा

Bigg Boss 20 Episode 7: कैप्टन बने हो, कोई बादशाह नहीं मेल वॉशरूम पर भिड़े यंग और कनिका, राशन पर काजी का नया ड्रामा

बिग बॉस 20 के घर में कैप्टन बनते ही यंग डीएसए के तेवर बदल गए हैं. कनिका मान के मेल वॉशरूम इस्तेमाल करने पर ऐसा घमासान मचा कि दोस्ती सीधे दुश्मनी में तब्दील होती नजर आई.

‘बिग बॉस 20’ के घर में पहले कैप्टन का ताज सजते ही समीकरणों की नई बिसात बिछनी शुरू हो गई है. जिस सत्ता की कुर्सी के लिए कल तक रणनीति बन रही थी, आज उसी कुर्सी के गुरूर ने पुराने दोस्तों के बीच दीवार खड़ी कर दी. सुबह की घंटी ‘पड़ोसी के चूल्हे से आग’ गाने के साथ बजी, जहां एक तरफ काजी तौकीर ने पूरे घर के लिए चाय बनाई और गार्डन में एमसी मैरी कॉम के साथ हंसी-मजाक करते दिखे, वहीं दूसरी तरफ कैप्टन यंग डीएसए के एक फरमान ने घर के माहौल में बारूद भर दिया. बवाल की चिंगारी तब सुलगी जब कैप्टन यंग डीएसए ने कनिका मान के मेल के वॉशरूम में जाने पर खुला ऐतराज जताया. यंग का कहना था कि मेल वॉशरूम में लड़कियों का जाना उन्हें बिल्कुल गवारा नहीं है. उन्होंने कहा कि लड़कों के बाल वहां पड़े रहते हैं और अगर सारे लड़के लेडीज वॉशरूम में चले जाएं तो किसी को अच्छा नहीं लगेगा.

यंग ने आरोप लगाया कि जब कनिका अंदर जा रही थीं, तो उन्होंने बाहर से आवाज दी थी लेकिन कनिका ने कोई जवाब नहीं दिया. यंग ने इसे अपनी और कैप्टेंसी की बेइज्जती बताते हुए कहा,”कनिका मेल वॉशरूम में गईं और मैं कनिका-कनिका कर रहा हूं, आवाज ही नहीं आ रहा, एक्नॉलेजमेंट तो दो!”

कनिका मान का तीखा पलटवार

यंग के इस आक्रामक रुख पर कनिका मान का पारा भी चढ़ गया. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अंदर पानी चलने की वजह से कोई आवाज सुनाई नहीं दी. बात को बतंगड़ बनता देख कनिका ने सख्त लहजे में कहा,”मैं वहां पानी चलाकर बैठी हूं, वहां बैठकर मंत्र नहीं पढ़ रही हूं. मैं अगर चली भी गई तो आराम से आकर बात कर सकते थे, इतना तहलका मचाने की क्या जरूरत थी?” इस पर जब यंग ने चेतावनी दी कि उनकी डिसरिस्पेक्ट का मतलब घर के नियमों की तौहीन है और इसके लिए सबको सजा मिलेगी, तो कनिका ने सीधा हमला बोला कि वो यहां किसी को खुश करने नहीं आई हैं.

कनिका ने यंग को आईना दिखाते हुए कहा,”एक सेकंड, कैप्टन ही बने हो, यहां के कोई बादशाह नहीं बन गए हो!” यंग ने भी पलटकर जवाब दिया कि बादशाह ही रहा हूं बचपन से. इस पर कनिका ने दो-टूक सुनाते हुए कहा कि बादशाह है, तो अपने दिमाग में रहना, इधर मत रहना. फालतू के एक्सपेक्टेशन मत रखो कि तुम्हारे साथ जी-हुजूरी होगी, नहीं होगी.

टीवी बनाम यूट्यूबर्स

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच मशहूर स्ट्रीमर स्काउट कूद पड़े और टीवी कलाकारों के ड्रामे पर भड़कते हुए बोले कि तुमलोगों की ये सीरियल वाली आदत खराब है. वहीं बात से परेशान यंग ने कहा कि उनकी भूख मर चुकी है और अब उन्हें कैप्टन नहीं रहना, सिर्फ पेट भरकर खाना खाना है. एक्टर्स पर कटाक्ष करते हुए यंग ने ईशा रिखी से कहा कि उन्हें टीवी एक्टर्स का कोई अता-पता नहीं था, क्योंकि जब ये लोग एक्टिंग कर रहे थे, तब 8वीं-9वीं तक उनके घर में टीवी तक नहीं था.

ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20: अमन गांधी और आसिफ खान के बीच हुआ जोरदार झगड़ा, बोले- आपका लोकल वाला

काजी का बेपरवाह अंदाज

लड़ाई-झगड़ों के बीच बिग बॉस ने घर के राशन को लेकर बड़ा ऐलान किया और कटौती करते हुए महज 30% राशन देने की बात कही. जहां पूरा घर राशन कटने से टेंशन में आ गया, वहीं काजी तौकीर मीटिंग के बीच से ही उठकर चल दिए. जब आसिफ खान ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो काजी ने दो-टूक कह दिया कि ये मेरे और बिग बॉस का मामला है, तू क्यों बोल रहा? काजी ने अपनी बेफिक्री दिखाते हुए शेखी बघारी कि वो तो एक अंडे के दम पर भी 40 घंटे उसी एनर्जी के साथ गुजार सकते हैं. गौरतलब है कि 6 सितंबर से शुरू हुए इस महामुकाबले में 16 मशहूर चेहरे एक छत के नीचे कैद हैं. पहले ही हफ्ते कनिका मान, उदिति सिंह, लव गिल और अरिश्फा खान पर बेघर होने की तलवार लटक चुकी है. जिस तरह से कैप्टन यंग ने पहले हफ्ते में ही अपने तेवर दिखाए हैं, उसने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह खेल और भी बेरहम होने वाला है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More