31 बेस और 68000 सैनिक… यूरोप में कैसे फैली है अमेरिका की सेना? जानिए पूरा गणित

31 बेस और 68000 सैनिक… यूरोप में कैसे फैली है अमेरिका की सेना? जानिए पूरा गणित

यूरोप में अमेरिका के करीब 68 हजार सैनिक और 31 स्थायी सैन्य बेस हैं. जर्मनी, इटली और ब्रिटेन में सबसे ज्यादा तैनाती है. हाल ही में अमेरिका ने जर्मनी से 5,000 सैनिक हटाने का फैसला लिया है. NATO के साथ मिलकर USEUCOM इन ऑपरेशंस को संभालता है, जो यूरोप और अफ्रीका की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है.

अमेरिका ने अपने जर्मनी से 5,000 सैनिक वापस बुलाने का फैसला किया है. यह फैसला उस समय आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच ईरान युद्ध को लेकर मतभेद सामने आए थे. अमेरिका लंबे समय से यह कहता रहा है कि यूरोप के देश अपनी सुरक्षा के लिए खुद ज्यादा जिम्मेदारी नहीं ले रहे और ईरान के मुद्दे पर भी पूरा सहयोग नहीं कर रहे. इसी वजह से अब अमेरिका अपनी रणनीति बदलने पर विचार कर रहा है.

यूरोप में दिसंबर 2025 तक करीब 68,000 अमेरिकी सैनिक स्थायी रूप से तैनात थे. यह जानकारी यूएस डिफेंस मैनपावर डेटा सेंटर के आंकड़ों से मिली है. इसमें वे सैनिक शामिल नहीं हैं, जो अस्थायी मिशन या अभ्यास के लिए भेजे जाते हैं. यूरोप में अमेरिका के 31 स्थायी सैन्य बेस हैं.

यूरोप में सैनिकों की कितनी विंग तैनात?

यूरोप में अमेरिका के 19 और ऐसे ठिकाने हैं, जहां जरूरत पड़ने पर अमेरिकी सेना काम कर सकती है. इन सभी सैन्य गतिविधियों को यूएस यूरोपियन कमांड संभालता है. यह कमांड NATO देशों के साथ मिलकर काम करता है. US यूरोपियन कमांड (USEUCOM) के तहत सेना, नौसेना, वायुसेना, मरीन, स्पेशल फोर्स और स्पेस फोर्स जैसे कई हिस्से शामिल हैं. इनका मुख्यालय जर्मनी और इटली में है. इनका काम यूरोप और अफ्रीका में सुरक्षा बनाए रखना और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना है.

12 से ज्यादा देशों में तैनाती

यूरोप में अमेरिकी सैनिक एक दर्जन से ज्यादा देशों में तैनात हैं, लेकिन सबसे ज्यादा संख्या जर्मनी, इटली और ब्रिटेन में है.

  1. जर्मनी में सबसे बड़ा अमेरिकी एयर बेस रामस्टीन एयर बेस है, जहां 1952 से अमेरिकी सेना मौजूद है. यह एयर बेस यूरोप में अमेरिका का अहम केंद्र माना जाता है. दिसंबर 2025 तक जर्मनी में करीब 36,436 अमेरिकी सैनिक तैनात थे, जो पांच बड़े सैन्य ठिकानों में काम कर रहे थे.
  2. इटली में भी द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से अमेरिकी सेना तैनात है. 2025 के अंत तक वहां 12,662 सैनिक मौजूद थे, जो विसेंजा, एविएनो, नेपल्स और सिसिली जैसे ठिकानों पर तैनात हैं.
  3. ब्रिटेन में दिसंबर 2025 तक करीब 10,156 अमेरिकी सैनिक तैनात थे, जो तीन सैन्य ठिकानों पर मौजूद हैं और इनमें ज्यादातर वायुसेना के जवान हैं.
  4. स्पेन में जिब्राल्टर स्ट्रेट के पास अमेरिकी नौसेना और वायुसेना के बेस हैं, जहां 3,814 सैनिक तैनात हैं.
  5. पोलैंड में 369 स्थायी सैनिक हैं, लेकिन इसके अलावा करीब 10,000 रोटेशनल (अस्थायी) सैनिक भी तैनात रहते हैं, जो अलग-अलग ठिकानों पर काम करते हैं.
  6. रोमानिया में 153 स्थायी सैनिकों के साथ-साथ रोटेशनल फोर्स भी मौजूद है और यहां मिहैल कोगलनिसेनु, कैम्पिया टर्जी और डेवसेलु जैसे बेस इस्तेमाल होते हैं.
  7. हंगरी में भी अमेरिका की सीमित मौजूदगी है, जहां 77 सैनिक दो ठिकानों केस्केमेट और पापा एयर बेस पर तैनात हैं और यहां समय-समय पर एक्सरसाइज मिशन चलाए जाते हैं.

यह भी पढ़ें: ट्रंप को रास नहीं आया ईरान का नया प्लान, डील पर क्यों अटका मामला?

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More