कनाडा में बिश्नोई गैंग ने कपिल शर्मा के बगल वाले कैफे पर की गोलीबारी, कॉमेडियन को फिर दी धमकी

कनाडा में बिश्नोई गैंग ने कपिल शर्मा के बगल वाले कैफे पर की गोलीबारी, कॉमेडियन को फिर दी धमकी

कनाडा में एक बार फिर कैफे पर गोलीबारी की घटना सामने आई है. लारेंस बिश्नोई गैंग ने दावा किया कि उसने कनाडा के सरे शहर के एक मशहूर कैफे पर गोलीबारी की. बता दें ये कैफे भी कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बगल में मौजूद है.

कनाडा के सुरे शहर में 120 स्ट्रीट स्थित चाय सुट्टा बार कैफे पर देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह कैफे कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे के बराबर में स्थित है. घटना के बाद बिश्नोई गैंग की तरफ से एक कथित धमकी भरा पोस्ट सामने आया है, जिसमें ‘चाय सुट्टा बार’ और कपिल शर्मा को निशाना बनाने की बात कही गई है.

बता दें, वायरल मैसेज में ‘चाय सु्ट्टा बार’ को बंद कराने की चेतावनी दी गई है. साथ ही कपिल शर्मा के कैप्स कैफे और मुंबई स्थित घर को लेकर भी धमकियां दी गई हैं. पोस्ट में धमकी देते हुए कहा गया है कि अगर उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया तो आगे और बड़ा कदम उठाया जा सकता है.

चाय सुट्टा बार कैफे पर जमकर गोलीबारी

दरअसल कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे के बगल में मौजूद चाय सुट्टा बार कैफे पर जमकर गोलीबारी हुई है. इस गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई. लारेंस बिश्नोई गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है. साथ ही गैंग की तरफ से टायसन बिश्नोई जोरा संधु ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कपिल शर्मा को धमकी भी दी है.

बिश्नोई गैंग ने कपिल शर्मा को दी धमकी

पोस्ट में कहा गया कि रात को कनाडा के चाय सुट्टा बार कैफे पर गोली चलवाई, ये कैफे कपिल शर्मा के कैप्स कैफे के ठीक बगल में है. हमारा इसको और कपिल शर्मा दोनों को संदेश है कि लाइन पर आ जाओ. टायसन बिश्नोई ने धमकी देते हुए कपिल शर्मा को समय न बर्बाद करने की नसीहत दी.

‘किसी की सिफारिश पर रुकेंगे नहीं’

बिश्नोई ने कहा कि अगर हमारा ऐसे ही वक्त बर्बाद करते रहे तो अगला नंबर ‘चाय सुट्टा बार’ की जगह कैप्स कैफे और मुंबई वाले तुम्हारे घर का होगा और इस बार किसी की सिफारिश पर रुकेंगे भी नहीं. हालांकि, इस धमकी वाले पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब लारेंस बिश्नोई गैंग का नाम अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़ा. इससे पहले भी इस गैंग की गतिविधियों को लेकर विदेशों से कई रिपोर्ट्स आ चुकी हैं. कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर जब पहले गोलीबारी हुई थी तो उसकी जिम्मेदारी भी लारेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी.

जितेन्द्र कुमार शर्मा
जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More