हिंदू युवक की हत्या के बाद देहरादून में भड़की हिंसा, कई घरों को फूंका, इंटरनेट बंद, 25 पर FIR
Uproar in Dehradun देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला में सेटरिंग के सामान के किराये और ट्यूबवेल के पानी के विवाद को लेकर विनोद नामक युवक की हथौड़े से मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है, जहां गुस्साई भीड़ ने आरोपी समुदाय के घरों पर पथराव और आगजनी की है.
Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक युवक की निर्मम हत्या के बाद भारी सांप्रदायिक तनाव फैल गया है. सेटरिंग के सामान के किराये और सरकारी ट्यूबवेल से पानी लेने के पुराने विवाद को लेकर विनोद नामक युवक की हथौड़े और धारदार हथियारों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में गुस्सा फूट पड़ा है और हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक विनोद, राजेश और अशोक का पूर्व प्रधान इस्तिपाक के भतीजे इम्तियाज से विवाद हुआ था. इसके बाद रज्जाक, अमन, यूनूस, अनीस समेत 20-25 लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर धारदार हथियारों और हथौड़े से हमला बोल दिया. इस हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है.
विनोद के बुजुर्ग पिता ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि वे अपने बेटे के शव का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे, जब तक आरोपियों का एनकाउंटर नहीं हो जाता और उनके घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई नहीं की जाती.

आक्रोशित भीड़ ने की आगजनी और पथराव
युवक की मौत की खबर फैलते ही बैरागीवाला में तनाव चरम पर पहुंच गया. पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. इस बीच, गुस्साई भीड़ ने दूसरे समुदाय के घरों को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया.
झड़प के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है; आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने पहले आरोपियों के घरों पर पत्थरबाजी की और बाद में कई घरों को आग लगा दी. इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हालात पर नजर रखी जा रही है.

आक्रोशित लोगों ने कई वाहनों को भी फूंकने का प्रयास किया. मौके पर मौजूद पुलिस बल स्थिति को नियंत्रित करने और उग्र भीड़ को शांत करने की मशक्कत में जुटा है. फिलहाल पूरे गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में तीन नामजद आरोपियों और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
(देहरादून से अवनीश पाल की रिपोर्ट)



