Delhi Weather Update: 30 अक्टूबर को टूटा 15 साल का रिकॉर्ड, दिल्ली ने दर्ज की सबसे ज्यादा ठंड; बारिश ने धोया प्रदूषण
दिल्ली में अक्टूबर 2026 में मौसम ने कई रिकॉर्ड बनाए. राजधानी में 11 साल में अक्टूबर की सबसे साफ हवा दर्ज की गई, जबकि चार साल में सबसे ज्यादा बारिश हुई. जानिए बारिश, ठंड और साफ हवा के पीछे की वजह.
Delhi Weather Update: दिल्ली में आमतौर पर अक्टूबर का महीना सर्दियों की शुरुआत और बढ़ते प्रदूषण के लिए जाना जाता है. इस दौरान राजधानी की हवा धीरे-धीरे जहरीली होने लगती है और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन अक्टूबर 2026 में मौसम ने दिल्लीवालों को कुछ अलग ही अनुभव कराया. इस बार राजधानी में एक दशक से ज्यादा समय में अक्टूबर की सबसे साफ हवा दर्ज की गई. वहीं चार साल में सबसे ज्यादा बारिश हुई और 30 अक्टूबर को 2011 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया. बारिश और बदले मौसम का असर प्रदूषण के स्तर पर भी साफ दिखाई दिया. दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) इस महीने 167 रहा, जो 2015 के बाद अक्टूबर का सबसे कम औसत है.
11 साल में अक्टूबर की सबसे साफ हवा
‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ (CREA) के विश्लेषण के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में दिल्ली का औसत AQI 167 दर्ज किया गया. साल 2015 के बाद से अक्टूबर महीने में यह सबसे कम औसत है. पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदूषण के स्तर में इस बार काफी गिरावट देखने को मिली है. अक्टूबर में दिल्ली का औसत AQI साल 2025 में 223, 2024 में 234, 2023 में 219 और 2022 में 210 रहा था.
ये भी पढे़ं- दिल्ली-NCR में देर रात फिर बदला मौसम, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, हवाओं ने बढ़ाई ठंड
वहीं 2015 में यह आंकड़ा 264 दर्ज किया गया था. इस लिहाज से इस साल अक्टूबर में दिल्ली की हवा पिछले कई वर्षों के मुकाबले काफी साफ रही. जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच दिल्ली का औसत AQI 168 रहा. साल 2020 में इस अवधि का औसत AQI 156 था. इसके बाद यह पहली बार है, जब जनवरी से अक्टूबर के बीच प्रदूषण का औसत स्तर इतना कम दर्ज किया गया है.
30 अक्टूबर को AQI 60
अक्टूबर के आखिरी दिन यानी 30 अक्टूबर को दिल्ली की हवा और साफ हो गई. इस दिन राजधानी का AQI 60 दर्ज किया गया. यह 10 अक्टूबर 2022 के बाद अक्टूबर महीने का सबसे साफ दिन रहा. उस दिन AQI 44 रिकॉर्ड किया गया था. इस महीने दिल्ली में सबसे ज्यादा AQI 245 दर्ज किया गया. यह स्तर 21 अक्टूबर को सामने आया था. खास बात यह है कि 2015 के बाद पहली बार अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में पहुंची.
इससे पहले के वर्षों में अक्टूबर के पहले 15 दिनों में ही हवा की गुणवत्ता खराब होने लगती थी. पूरे अक्टूबर में अब तक पांच दिन हवा की गुणवत्ता खराब, तीन दिन संतोषजनक और 22 दिन मध्यम श्रेणी में रही. इससे पता चलता है कि इस बार प्रदूषण का गंभीर स्तर लंबे समय तक नहीं बना रहा.
4 साल में अक्टूबर की सबसे ज्यादा बारिश
दिल्ली में इस बार अक्टूबर महीने में बारिश ने भी कई रिकॉर्ड बनाए. 30 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक राजधानी में कुल 123.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह पिछले चार वर्षों में अक्टूबर महीने की सबसे ज्यादा बारिश है. इससे पहले साल 2022 में अक्टूबर के दौरान 128 मिलीमीटर बारिश हुई थी. मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में दिल्ली में सामान्य तौर पर केवल 15.1 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार बारिश का आंकड़ा सामान्य से कई गुना ज्यादा रहा. 1954 के बाद अक्टूबर महीने में दर्ज की गई बारिश के लिहाज से इस साल का आंकड़ा चौथे स्थान पर है.
खास बात यह रही कि 30 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में ही दिल्ली में 61.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह पिछले चार वर्षों में अक्टूबर का सबसे बारिश वाला दिन रहा. वहीं, 1951 के बाद अक्टूबर में एक दिन में हुई बारिश के मामले में यह छठा सबसे बड़ा आंकड़ा है. इससे पहले 9 अक्टूबर 2022 को 74 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी.
अलग-अलग इलाकों में सामान्य से 10 गुना ज्यादा बारिश
दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर भी सामान्य से काफी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई. सफदरजंग में अक्टूबर महीने में सामान्य बारिश 15.1 मिलीमीटर होती है, लेकिन इस बार यहां 123.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह सामान्य से करीब 717 प्रतिशत ज्यादा है. इसी तरह पालम में सामान्य 12.7 मिलीमीटर के मुकाबले 85.7 मिलीमीटर बारिश हुई. यहां बारिश सामान्य से लगभग 575 प्रतिशत अधिक रही. लोधी रोड पर 15.1 मिलीमीटर की सामान्य बारिश के मुकाबले 130.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह सामान्य से करीब 765 प्रतिशत ज्यादा है.
वहीं, रिज इलाके में सामान्य 11.8 मिलीमीटर के मुकाबले 126.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो लगभग 974 प्रतिशत अधिक है. अयानगर में भी सामान्य 13.8 मिलीमीटर के मुकाबले 104 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यहां बारिश सामान्य से करीब 654 प्रतिशत ज्यादा रही.
2011 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन
बारिश और बादलों की वजह से दिल्ली के तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई. 30 अक्टूबर को सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह 1951 के बाद अक्टूबर महीने में दर्ज किया गया सबसे कम अधिकतम तापमान है. अक्टूबर के पूरे महीने का औसत अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम ने प्रदूषण पर डाला असर
CREA के विशेषज्ञ मनोज कुमार के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में दिल्ली का औसत AQI पिछले वर्षों के अक्टूबर महीने की तुलना में काफी कम रहा. हालांकि यह सितंबर 2026 के औसत AQI से करीब डेढ़ गुना अधिक था. उन्होंने कहा कि GRAP लागू होने से पहले ही दिल्ली में AQI का स्तर काफी कम था. 30 अक्टूबर को बारिश के साथ AQI गिरकर 60 पर पहुंच गया.
ऐसे में हवा की गुणवत्ता में सुधार का पूरा श्रेय केवल GRAP के उपायों को देना सही नहीं होगा. इसमें मौसम की भी अहम भूमिका रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और मौसम में बदलाव ने प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद की. ऐसे में दिल्ली की हवा में आए सुधार को समझने के लिए सरकारी उपायों के साथ मौसम के प्रभाव को भी ध्यान में रखना जरूरी है.




