झारखंड के गोड्डा में नाबालिग की हत्या, घर से दूर खेत में शव… सिर गायब
गोड्डा जिले में एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. दहुआ गांव में नाबालिग सिर कटा शव खेत में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. हत्यारों ने बच्ची का सिर धड़ से अलग कर दिया.
Godda murder: झारखंड के गोड्डा जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. ललमटिया थाना क्षेत्र के दहुआ गांव में करीब 12 साल की नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई. अपराधियों ने धारदार हथियार से बच्ची का सिर धड़ से अलग कर दिया और शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक सुनसान खेत में फेंक दिया. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि बच्ची का सिर घटनास्थल से गायब है. सिर कटा शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
मृतका की पहचान दहुआ गांव निवासी तलवा मरांडी की करीब 12 वर्षीय बेटी नीतू मरांडी के रूप में हुई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात नीतू ने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद घर में सोने चली गई. देर रात वह शौच के लिए घर के पीछे गई थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी.
परिजनों को लगा कि वह कहीं आसपास होगी, लेकिन गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोग जब खेतों की तरफ गए तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. सुनसान खेत में नीतू का सिर कटा शव पड़ा हुआ था. बच्ची का सिर धड़ से गायब था. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
पुलिस अब बच्ची के गायब सिर की तलाश कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या किसने और किस मकसद से की. आशंका है कि हत्यारे सिर को अपने साथ ले गए या फिर किसी दूसरी जगह छिपा दिया. हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
करीब 12 वर्षीय मासूम की इस निर्मम हत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर अपराधियों ने बच्ची की हत्या क्यों की? हत्या के बाद उसका सिर कहां गायब कर दिया गया? क्या इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य वजह है?
फिलहाल ललमटिया थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद दहुआ गांव में शोक और भय का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.




