Govinda के बेटे की डेब्यू फिल्म का ऐलान, सुनीता आहूजा भी दिखेंगी, जानें कब होगी रिलीज
Yashvrdhn Ahuja Debut Movie: साल 2027 की शुरुआत में गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं. वो एक हॉरर कॉमेडी फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसे एकता कपूर प्रोड्यूस कर रही हैं.
Yashvrdhn Ahuja Debut Movie: कभी बॉलीवुड के हीरो नंबर- 1 कहे जाने गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा भी अब हीरो बन चुके हैं. उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रख दिया है. लंबे समय से डेब्यू की चर्चा चल रही है. हालांकि, अब फिल्म का ऐलान हो गया है. साथ ही रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है. यशवर्धन मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर की फिल्म के जरिए सिल्वर स्क्रीन पर नजर आने वाले हैं.
यशवर्धन की डेब्यू फिल्म का नाम ‘हीरो की हॉररइन’ है, जो एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है. ये पिक्चर अमर बुटाला की प्रोडक्शन कंपनी जय हो मीडिया वेंचर्स प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है. एकता कपूर की कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स इसे प्रेजेंट कर रही है. वहीं अमर बुटाला के साथ मिलकर एकता और उनकी मां शोभा कपूर इस पिक्चर को प्रोड्यूस भी कर रही हैं.
बेटे के साथ सुनीता आहूजा का फिल्मी डेब्यू
‘हीरो की हॉररइन’ में यशवर्धन आहूजा के साथ ‘लापता लेडीज’ फेम एक्ट्रेस नितांशी गोयल नजर आने वाली हैं. खास बात ये है कि यशवर्धन की मां और गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी इस फिल्म में दिखेंगी. ये सुनीता की भी डेब्यू फिल्म होगी. सुनीता इस साल फराह खान और रितेश देशमुख की होस्टिंग वाले नेटफ्लिक्स रिएलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं. रिएलिटी शो के बाद अब सुनीता बड़े पर्दे पर दिखने वाली हैं.
12 साल बाद डायरेक्शन में साजिद खान की वापसी
जॉनी लीवर की बेटी जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेन्द्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. फराह खान के भाई साजिद खान इस पिक्चर को डायरेक्ट कर रहे हैं. वो 12 सालों के बाद डायरेक्शन की दुनिया में वापस आए हैं. साल 2014 की फिल्म ‘हमशकल्स’ के बाद उन्होंने किसी भी फिल्म का निर्देशन नहीं किया.
ये भी पढ़ें-
जब सनी देओल का मुस्लिम किरदार बन गया बंटवारा 1947 के लिए मुसीबत, राजकुमार संतोषी ने बताई वजह
रणबीर कपूर के फैंस के लिए खुशखबरी, स्पिरिट के बाद एनिमल पार्क पर काम शुरू करेंगे संदीप रेड्डी वांगा
‘हीरो की हॉररइन’ रिलीज डेट
‘हीरो की हॉररइन’ की रिलीज के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा. ये फिल्म 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. एकता कपूर इसी साल बतौर प्रोड्यूसर अक्षय कुमार के साथ ‘भूत बंगला’ के नाम से फिल्म लेकर आई थीं, जिसे प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था. इस हॉरर कॉमेडी फिल्म ने वर्ल्डवाइड तकरीबन 250 करोड़ रुपये की कमाई की थी. ऐसे में एकता एक और हॉरर कॉमेडी ला रही हैं. गोविंदा के फैंस के लिए अब उनके बेटे को बड़े पर्दे पर देखना दिलचस्प होगा.




